बोकहम को हराकर शहाल्के ने चैंपियंस लीग के लिए उम्मीदें जिंदा रखीं
हैंबर्ग, 7 मई (आईएएनएस)। गेरार्ल्ड असामोह (34वें मिनट), इवान राकिटिक (67वें मिनट) और मार्सेलो बोडरेन (85वें मिनट) के शानदार गोलों की बदौलत मंगलवार को खेले गए एक अहम मुकाबले में शहाल्के ने बोकहम पर 3-0 से जीत दर्ज करने के साथ चैंपियंस लीग में क्वालीफाई करने की तरफ एक बड़ा कदम बढ़ाया है।
इस जीत के साथ शहाल्के स्थानीय जर्मन फुटबॉल लीग 'बंडेशलीगा' की तालिका में वेडरर ब्रेमेन से ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। शहाल्के के 58 अंक हैं, जबकि तालिका में शीर्ष पर काबिज होने के साथ बायर्न म्यूनिख के 67 अंक हैं। बायर्न म्यूनिख पहले ही बंडेशलीगा खिताब पर कब्जा जमा चुका है।
ब्रेमेन 57 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बुधवार को एसवी हैंबर्ग और ब्रेमेन के बीच मुकाबला होना है। यह मैच शहाल्के के लिए खास होगा, क्योंकि अगर ब्रेमेन यह मैच जीत जाता है तो वह शहाल्के को पीछे छोड़ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। ऐसी स्थिति में शहाल्के को तीसरे स्थान से ही संतोष करना होगा। हालांकि यह उसके लिए निराशाजनक स्थिति नहीं होगी।
अन्य मुकाबलों में बोरुसिया डार्टमंड के हाथों मिली 3-2 की हार के साथ वीएफबी स्टुगार्ट की क्वालीफाई करने की उम्मीदें नेस्तानाबूत हो गई हैं। डार्टमंड के लिए टिंगा ने 35वें और एलेक्जेंडर फ्रेई ने 59वें और 79वें मिनट में गोल किए।
इसी तरह हेनोवर के हाथों मिली 3-0 की करारी हार के साथ हांसा रोस्टोक रेलिगेशन के करीब पहुंच गया है। हेनोवर के लिए हानो बालिस्टिच ने 19वें, स्थानापन्न जान रोजेनथाल ने 47वें और 87वें मिनट में गोल किए।
उधर, काल्सरुहे के साथ 1-1 की बराबरी के बावजूद एनर्जी कॉटबस क्लब अब भी रेलीगेशन के खतरे से उबर नहीं सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications