नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। देश में क्लब फुटबाल को बढ़ावा देने के लिए एशियाई फुटबाल संघ (एएफसी) ने भारत को उन 11 प्रतिभागियों में स्थान दिया है जो 2009 में होने वाली एशियाई चैंपियंस लीग में हिस्सेदारी करेंगे।
यह निर्णय कुआलालंपुर स्थित मुख्यालय में हुई एएफसी की तदर्थ समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता साबुरो कावाबुची ने की।
इस निर्णय के बाद देश के पेशेवर फुटबाल क्लबों के बीच चलने वाली 'आई-लीग' की विजेता टीम इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेगी, हालांकि वर्तमान में आई-लीग विजेता और फेडरेशन कप विजेता दोनों ही इसमें भाग लेने के लिए पात्र हैं।
वर्ष 2009 में होने वाली एएफसी चैंपियंस लीग में भाग लेने के लिए समिति ने जिन और देशों के नामों की अनुशंसा की है वे हैं-जापान, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, चीन, इंडोनेशिया, जार्डन, सऊदी अरब, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और ईरान।
एएफसी के अध्यक्ष मोहम्मद बिन हम्माम ने कहा, "मैं समिति की इस उपलब्धि से बेहद प्रसन्न हूं, इसके कारण एशियाई फुटबाल में पेशेवराना रुख आएगा। यहां खेलों की सफलता के लिए यह बहुत जरूरी है कि खेलों के प्रति पेशेवर रवैया अपनाया जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*