मेलबर्न, 28 मई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के स्टार तैराक निक डी आर्के बीजिग ओलंपिक में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
आस्ट्रेलियाई ओलंपिक समिति ने आर्के को एक 'बार' विवाद में नाम आने के बाद टीम से बाहर निकाल दिया था। आर्के ने समिति के इस निर्णय को चुनौती देते हुए 'कोर्ट ऑफ अर्बिटिरेशन फॉर स्पोर्ट' (सीएएस) में अपील की थी।
सीएएस ने तैराकी की दुनिया के स्टार माने जाने वाले आर्के की अपील ठुकरा दी। आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की है।
गौरतलब है कि सिडनी के एक 'बार' में 30 मार्च को आर्के ने राष्ट्रमंडल खेल के पूर्व तैराक चैंपियन साइमोन कॉवले पर हमला बोल दिया था, जिसमें साइमोन बुरी तरह घायल हो गए थे।
इस मामले की सुनवाई 17 जून को सिडनी की अदालत में भी होगी। आस्ट्रेलियाई ओलंपिक समिति ने इसी विवाद के कारण आर्के को ओलंपिक में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।