मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। नवी मुंबई में शनिवार को एक थियेटर में बम मिलने के बाद आज डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
नवी मुंबई के पुलिस प्रमुख रामराव वाग ने जानकारी दी, "पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त संख्या के साथ ही हमने इस बार स्टेडियम के निकट छह सूंघने वाले कुत्तों को भी तैनात किया है।"
इसके साथ ही क्षेत्र में बमनिरोधक दस्ता और त्वरित कार्यबल भी तैनात किए गए हैं। स्टेडियम में भी चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली गई है।
गौरतलब है कि शनिवार को स्टेडियम के निकट विष्णुदास भावे आडिटोरियम में एक नाटक के मंचन के दौरान पुलिस ने कुछ विस्फोटक सामग्री के साथ एक बम बरामद किया था।
सुरक्षा इंतजाम देख रहे महाराष्ट्र के महानिदेशक ए. रॉय ने कहा कि इंतजाम काफी सख्त होंगे और दर्शकों की तलाशी भी ली जा सकती है। किसी को भी स्टेडियम के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं होगी।
मुंबई पुलिस का कहना है कि मैच के दौरान स्टेडियम के इर्द गिर्द करीब 12 हजार वाहन होंगे। इसलिए यातायात व्यवस्था पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।