नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। ढाका में रविवार से शुरू हो रही तीन देशों की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत का खेलना संदिग्ध है।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अंतर्गत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए अंतिम लीग मैच के दौरान वह चोटिल हो गए थे। आईपीएल में श्रीसंत पंजाब किंग्स इलेवन की ओर से खेल रहे थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि एमआरआई स्कैन की रिपोर्ट से पता चलता है कि श्रीसंत अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
श्रीसंत को भारतीय टीम के साथ शनिवार को ढाका के लिए रवाना होना था। लेकिन वह मेडिकल जांच के लिए आज बंगलौर रवाना हो गए। बंगलौर स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी की मेडिकल टीम उनकी चोट की जांच करेगी।
बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभी तक की रिपोर्ट के मुताबिक श्रीसंत का खेलना संदिग्ध है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही उनके बांग्लादेश दौरे पर जाने के संबंध में अंतिम फैसला हो सकेगा। चोट की वजह से सचिन तेंदुलकर और जहीर खान को पहले ही टीम से बाहर रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*