नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। इंडियन प्रामियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने वाले तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी को बांग्लादेश में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला में चोटिल गेंदबाज सनथकुमारन श्रीसंत के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
आईपीएल के मैचों में गोनी ने कमाल का प्रदर्शन दिखाया था। चेन्नई सुपर किंग्स टीम के गेंदबाज गोनी ने 16 मैचों में 17 विकेट झटके। आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में उनका स्थान चौथा रहा।
इससे पूर्व गोनी घरेलू मैचों में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर चुके हैं। देवधर ट्राफी में उन्होंने तीन मैचों में नौ विकेट अपनी झोली में डाले थे। एकदिवसीय टीम और आईपीएल की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने भी गोनी की खुलकर प्रशंसा की है।
गौरतलब है कि श्रीसंत आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब टीम में थे। राजस्थान रॉयल्स टीम के साथ 28 अप्रैल को हुए मैच में श्रीसंत चोटिल हो गए थे।
बंगलौर में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) ने शुक्रवार को बताया कि श्रीसंत को चोट से उबरने में दो हफ्ते लगेंगे। सचिन तेंदुलकर और जहीर खान चोटिल रहने के कारण पहले ही इस त्रिकोणीय श्रृंखला से बाहर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*