पंजाब का संतोष ट्राफी फुटबाल पर कब्जा बरकरार
श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। सर्विसेज को 1-0 से हराकर पंजाब ने 62वीं संतोष ट्राफी फुटबाल पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।
स्थानीय बख्शी स्टेडियम में खेल गए इस फाइनल मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। पहले हाफ में सर्विसेज ने पंजाब पर अपना दबदबा बनाए रखा लेकिन उनके स्ट्राइकर गोल करने के मौकों का फायदा नहीं उठा सके।
पहले हाफ तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ के 55वें मिनट में सर्विसेज की रक्षा पंक्ति के खिलाड़ी महिषराज द्वारा व्यवधान पहुंचाए जाने के एवज में रेफरी ने पंजाब को फ्री किक दे दी। पंजाब के स्ट्राइकर जसपाल सिंह ने फ्री किक को गोल में डालने में सफलता हासिल की।
एक गोल से पिछड़ने के बाद सर्विसेज की तरफ से कई खूबसूरत मौके आए लेकिन उनके खिलाड़ी एक को भी गोल में तब्दील नहीं कर सके।
सर्विसेज के एस. रालेंग को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया जबकि जम्मू कश्मीर के खिलाड़ी अशफाक को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया।
राज्य के मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद व केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दास मुंशी भी फाइनल मैच के दौरान उपस्थित रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications