लंदन, 15 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑल राउंडर खिलाड़ी केविन पीटरसन का कहना है कि आने वाले दो वर्षो में 50 ओवरों के क्रिकेट मैच का प्रभाव खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फटाफट क्रिकेट का नया संस्करण 'ट्वेंटी-20' अब एकदिवसीय मैच का नया चेहरा बनता जा रहा है।
पीटरसन ने शनिवार को एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में ये बातें कही। उन्होंने कहा, "50 ओवरों के मैचों के दिन अब समाप्त होने जा रहे हैं। ट्वेंटी-20 की तरफ खिलाड़ियों का आकर्षण बढ़ता जा रहा है, क्योंकि खेल के इस नए संस्करण में पैसे अधिक हैं।"
पीटरसन ने कहा, "मेरा मानना है कि जल्द ही ट्वेंटी-20 एक दिवसीय मैच का नया चेहरा बन जाएगा।" इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने की इच्छा दोहराते हुए उन्होंने कहा, "आईपीएल में पैसे की गांरटी है। हमारे खिलाड़ियों को इन मैचों में हिस्सा लेना चाहिए।"
पीटरसन ने कहा, "टेस्ट क्रिकेट अभी सबसे अच्छा क्रिकेट माना जाता है।" साथ ही उन्होंने ट्वेंटी- 20 की लोकप्रियता को स्वीकार करते हुए कहा कि क्रिकेट के इस संस्करण में मनोरंजन अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**