ब्यूनस आयर्स, 16 जून (आईएएनएस)। दो बार विश्व विजेता रहे अर्जेटीना और इक्वाडोर के बीच खेला गया फुटबाल विश्व कप- 2010 का क्वालिफाइंग मैच ड्रा रहा है।
यहां खेले गए इस मैच में दोनों टीमों की ओर से एक-एक गोल दागा गया और मुकाबला बराबरी पर छूटा। अगर रोड्रिगो पेलेसियो से सेकेंड हाफ में गोल दागने में चूक हो जाती तो अर्जेंटीना इस मुकाबले में हार जाता। रविवार को खेले गए इस बेहद रोमांचक मुकाबले में इक्वाडोर के खिलाड़ी अर्जेटीना पर भरपूर दबाव बनाने में सफल रहे।
इक्वाडोर के मिडफील्डर पैट्रेशियो उरूतिया ने मैच के 68 वें मिनट में गोल दाग कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इस कामयाबी के बाद टीम के खिलाड़ियों ने बढ़त बरकार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन मौके की ताक में रहे पेलेसियो ने टीम की ओर से गोल दागने का मौका हासिल कर ही लिया।
अब अर्जेंटीना की अगली भिड़ंत ब्राजील से होगी जिसे रविवार को पराग्वे में 2-0 से हार मिल चुकी है। बुधवार को ब्राजील के बेलो होरिजोंत षहर में यह मुकाबला होगा। डीपीए न्यूज एजेंसी के मुताबिक पेलेशियो ने कहा कि हम बेहतर परिणाम की उम्मीद के साथ ब्राजील जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।