पोंटिंग बुधवार को अपने गृहनगर लॉनसेस्टन में होंगे जहां उनकी दादी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी दादी का बीते सप्ताह निधन हो गया था। मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में माइकल क्लार्क आस्ट्रेलियाई टीम का नेतृत्व करेंगे।
समाचार एजेंसी एएपी के अनुसार पोंटिंग ने कहा, "पहले एकदिवसीय में मैं नहीं खेल पाऊंगा। मैं बुधवार को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने गृहनगर जाऊंगा और फिर अगले दिन वापस भी चला आऊंगा। मैं ज्यादा से ज्यादा वक्त टीम के साथ गुजारना चाहता हूं ताकि हमारी तैयारी और बेहतर हो सके।"
आस्ट्रेलियाई टीम को इन दिनों एक अदद जीत की दरकार है। भारत दौरे पर करारी हार झेलकर लौटी इस टीम को श्रीलंका ने पर्थ में खेले गए ट्वेंटी-20 मुकाबले में पराजित कर दिया था। ऐसे में पोंटिंग की चिंता एशेज श्रृंखला को लेकर भी है जो 25 नवम्बर से आरम्भ हो रही है।
आस्ट्रेलिया दौरे पर आई श्रीलंका को तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलनी है। पहला मुकाबला बुधवार को मेलबर्न में होगा जबकि दूसरा शुक्रवार को सिडनी और तीसरा रविवार को ब्रिस्बेन में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।