अहमदाबाद टेस्ट : मोटेरा में होगा कीवी टीम का इम्तहान
इसमें कोई शक नहीं कि इस श्रृंखला में भारत का पलड़ा भारी है लेकिन इस दौरान उसे मेहमान टीम के कुछ 'अनजान' खिलाड़ियों से सावधान रहने की जरूरत होगी। बीती श्रृंखला में आस्ट्रेलिया को पटखनी देने वाली भारतीय टीम को यह याद रखना होगा कि छोटी सी भूल भी उसकी बढ़ती साख के लिए खतरा हो सकती है।
न्यूजीलैंड टीम में कप्तान डेनियल विटोरी ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछली बार भारत दौरा किया था। इसके अलावा ब्रेंडन मैक्लम, क्रिस मार्टिन, रॉस टेलर और जेसी राइडर जैसे कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जो भारत के खिलाफ खेले हैं लेकिन कई ऐसे भी चेहरे इस बार भारत पहुंचे हैं, जिनके बारे में भारतीय टीम को बहुत अधिक ज्ञान नहीं है।
कीवी टीम हाल ही में बांग्लादेश से लौटी है। इस यात्रा में उसे 0-4 से हार मिली थी और उस हार का दंश उसे अब भी परेशान कर रहा है लेकिन अपने जमाने के आक्रामक बल्लेबाज रहे कोच मार्क ग्रेटबैच कुल मिलाकर उन खिलाड़ियों के बूते भारत को पटखनी देना चाहते हैं, जिन्हें भारत कम जानता है। और जिन्हें लेकर आमतौर पर कोई रणनीति नहीं बनाई जाती है।
ग्रेटबैच ने मंगलवार को इस सम्बंध में संकेत दिए थे, लिहाजा भारत को इस बात के लिए उनका शुक्रगुजार होना चाहिए क्योंकि इस विषय पर शायद भारतीय टीम प्रबंधन ने गंभीरता से विचार नहीं किया होगा। अब शायद उस सम्बंध में रणनीति तैयार हो गई होगी।
मेहमान टीम की आक्रमण पंक्ति अच्छी है। अनुभवी क्रिस मार्टिन के अलावा उसे पास लम्बे कद के गेंदबाज टिम साउदी और एंडी मैके हैं। साउदी और मैके ने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा स्पिनर के तौर पर मेहमान टीम में कप्तान विटोरी जैसा महान गेंदबाज है।
ग्रेटबैच मुख्य रूप से केन विलियमसन, हामिश बेनेट और ब्रेंट अर्नेल जैसे खिलाड़ियों को लेकर अपना दांव चलना चाहेंगे क्योंकि इन खिलाड़ियों के बारे में भारतीय टीम ज्यादा कुछ नहीं जानती।
मेहमान टीम जानती है कि यह श्रृंखला जीतना उसके लिए टेढ़ी-खीर है क्योंकि जिस भारतीय टीम ने हाल ही में आस्ट्रेलिया को टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला में पराजित किया है, उसे हरा पाने के लिए उसके खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
एक बात हालांकि कीवी टीम के पक्ष में जाती है और वह यह है कि यह टीम बिना किसी चिन्ता के खेलेगी क्योंकि उसे हार का डर नहीं सताएगा। जीत की सूरत में उसे बोनस मिलेगा।
दूसरी ओर भारत को इस बात की चिन्ता सताए रहेगी कि उसके दिग्गज कहीं मेहमान टीम को अनजान खिलाड़ियों के झांसे में आ गए तो फिर उसकी बादशाहत खतरे में पड़ सकती है।
यह मैच भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए बेहद खास होगा। इस वर्ष नौ टेस्ट मैचों में 1270 रन बना चुके तेंदुकर शतकों के अर्धशतक से एक कदम दूर हैं। तेंदुलकर ने इस वर्ष छह शतक लगाए हैं। ऐसे में मोटेरा में उनसे एक और शतक की आस होगी।
साथ ही साथ तेंदुलकर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना रिकार्ड और बेहतर करना चाहेंगे। तेंदुलकर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 टेस्ट मैचों में 1406 रन बटोरे हैं। इसके अलावा राहुल द्रविड़ और वी.वी.एस. लक्ष्मण अपना शानदार सफर जारी रखना चाहेंगे। बल्लेबाजी में वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के रहते भारत को कीवी टीम के नए गेंदबाजों से डरने की जरूरत नहीं लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है।
भारत के पास एक अच्छा आक्रमण पंक्ति भी है। अनुभवी जहीर खान, ईशांत शर्मा और शांताकुमारन श्रीसंत के अलावा स्पिन गेंदबाजी में हरभजन सिंह और अमित मिश्रा से टीम को काफी आशा है।
कुल मिलाकर मोटेरा में एक शानदार मैच होगा क्योंकि इसके लिए माहौल भी है दोनों टीमें इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। और फिर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अपने साथियों के साथ अक्षय कुमार तथा ऐश्वर्या राय की फिल्म 'एक्शन रिप्ले' देखकर तरोताजा महसूस कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications