जुल्करनैन ने ब्रिटेन में शरण मांगी
जुल्करनैन सोमवार सुबह अचानक होटल के कमरे से लापता हो गए थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें और निर्णायक एकदिवसीय मैच से पहले सुबह के वक्त हैदर होटल से निकले थे। बाद में पता चला कि वह ब्रिटेन में हैं। उन्होंने फेसबुक पर कहा कि उन्हें किसी ने मैच हारने के लिए धमकी दी थी।
स्थानीय समाचार पत्र 'द सन' के अनुसार सोमवार को जुल्करनैन जब हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंचे तो उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि उन पर मैच हारने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी गई है।
इस युवा खिलाड़ी की गुहार पर ब्रिटिश सरकार ने अभी कोई फैसला नहीं किया है। ब्रिटेन की गृह सुरक्षा मंत्री थेरेसा 24 साल के जुल्करनैन की गुहार पर विचार कर रही हैं। फिलहाल के लिए उन्हें ब्रिटेन में रहने की इजाजत मिल गई है। अब पाकिस्तानी सरकार ने लाहौर में उनके परिवार को सुरक्षा दे दी है।
वैसे सोमवार को जुल्करनैन को लेकर दुबई से लेकर लाहौर तक चर्चा रही। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला मैच फिक्सिंग से जुड़ा होने की वजह से इसकी जानकारी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी) की भ्रष्टाचार निरोधक और स्थानीय सुरक्षा इकाई को भी दे दी गई।
हैदर ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक पर लिखा था, "मैं अब पाकिस्तानी क्रिकेट छोड़ रहा हूं क्योंकि एक शख्स ने मुझे एक संदेश में मैच हारने के लिए कहा था। मुझे परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।"
हैदर का यह संदेश चौथे एकदिवसीय की ओर इशारा कर रहा है जिसमें इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने नाबाद 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाया था। जुल्करनैन के भाई राजा ने कहा, "जुल्करनैन ने चौथे एकदिवसीय के बाद कथित धमकी मिलने की बात मुझसे कही थी लेकिन उसने इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया।"
पाकिस्तानी के प्रमुख समाचार चैनल 'जियो न्यूज' के एक संवाददाता के मुताबिक, "हैदर के मोबाइल से ऐसा ही संदेश मुझे भी मिला था जिसमें उसने कहा था कि मैं क्रिकेट छोड़ रहा हूं क्योंकि कोई उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications