एशियाड 2010 : नारंग चमके, बैडमिंटन और टेनिस में निराशा (लीड-2)
टीम स्पर्धा में नारंग (597), बिंद्रा (593), और राजपूत ने (593) का स्कोर कर कुल 1,783 अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा किया। ये तीनों खिलाड़ी एक अंक के अंतर से स्वर्ण जीतने से चूक गए। टीम स्पर्धा का स्वर्ण चीन के नाम रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धा में नारंग ने अंतिम दौर में 103.7 अंक हाासिल किए। क्वालीफाइंग दौर में उन्हें कुल 897 अंक मिले थे। उन्होंने कुल 700.7 अंकों का स्कोर हासिल किया और दूसरे स्थान पर रहे। यहां चीन के झू किनान ने 702 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण जीता। किनान ने 2004 के ओलम्पिक में भी स्वर्ण जीता था।
दिन के एक अन्य मुकाबले में भारतीय महिलाएं 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहीं वहीं पुरुष टीम 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रही।
भारतीय निशानेबाज ओंकार सिंह 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में 648.2 अंकों का स्कोर कर सातवें स्थान पर रहे जबकि 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कोई भारतीय महिला निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं।
योग्यता मुकाबले में सुमा शिरूर ने 396 अंक अर्जित कर 10वां स्थान हासिल किया वहीं कविता यादव ने 390 अंक बनाकर 28वां जबकि तेजस्विनी सावंत भी 390 का स्कोर कर 33वें स्थान पर रहीं।
भारतीय पुरुष और महिलाओं को बैडमिंटन की टीम स्पर्धा के पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा। पुरुषों के वर्ग में भारत को चीनी ताइपे से 1-4 से हार झेलनी पड़ी। इस स्पर्धा में सिर्फ पी. कश्यप ही जीत हासिल कर सके। उन्होंने हुआन यी हुएह को 18-21, 21-13, 23-21 से पराजित किया।
महिलाओं की स्पर्धा में भी भारत को इंडोनेशिया के हाथों 2-3 से पराजित होना पड़ा। भारत की ओर से स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल ने इंडोनेशिया की आद्रियांत फिरदासारी को 21-16, 21-17 से मात दी। दूसरी ओर ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने ग्रेसिया पोली और मेलियाना जौहरी की जोड़ी को 21-17, 17-21, 23-21 से हाराया।
अन्य मुकाबलों में एम.एफ. कुसुमास्तुती ने अदिती मुट्टाकर को 21-10, 16-21 से हराया जबकि अपर्णा बालन और प्रजाकता सावंत को लिलियाना और एन.के. माहेश्वरी के हाथों 11-21, 11-21 से मैंच गंवानी पड़ी।
पुरुष मुकाबले में अरविंद भट्ट को एक कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के खिलाड़ी हेश यू सिंह से 26-28, 21-15, 13-21 से शिकस्त खानी पड़ी।
पुरुष युगल मुकाबले में अक्षय दिवाकर और सनावे थॉमस की जोड़ी को फैंग ची मिन और ली शेंग मू के हाथों 19-21, 17-21 से हार झेलनी पड़ी।
भारतीय खिलाड़ी पी. कश्यप अपना मैच जीतने में कामयाब रहे।
पंकज आडवाणी ने बिलियर्ड्स की व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दूसरी ओर स्टार खिलाड़ी गीत सेठी को हार का सामना करना पड़ा। आडवाणी ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के रिकी यांग को 101-27, 102-35, 100-26 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत थाईलैंड के प्रापुट चैतनासकुन से होगा।
सेठी को एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में म्यांमार के वू नाई थावे वू के हाथों 53-100, 87-100, 101-105 से हार झेलनी पड़ी। सेठी ने दोहा एशियाड में कांस्य पदक हासिल किया था।
भारतीय महिलाएं स्नूकर की 6-रेड टीम स्पर्धा में सिंगापुर को आसानी से 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। विद्या विश्वनाथन पिल्लै ने पहले फ्रेम में बड़ी आसानी से शू वा हो को 35-2 से हरा दिया। चित्रा मगीमहाराजन ने सिंगापुर की जीट हुई कार्लाइन को 19-7 से हरा दिया। अनुजा चंद्रा और मागीमराजन की जोड़ी ने होइ और चाय को 39-27 से पराजित किया।
टेनिस में पहले दिन भारतीय महिलाओं ने निराश किया। पूजाश्री वैंकेटेश को इंडोनेशिया की लावीनिया तमान्ता ने 2-6, 7-5, 6-2 से पराजित किया। इसी तरह भारत की निरुपमा संजीव को इंडोनेशिया की आयू कादे दवी फानी दमयंती के हाथों 1-6, 1-6 की करारी हार झेलनी पड़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications