हैदराबाद टेस्ट : भारत के 7 विकेट गिरे (लीड-3)
लक्ष्मण 160 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाकर पेवेलियन लौटे जबकि रैना 20 रन बना सके। ऐसे में जबकि कप्तान धौनी को विकेट पर रुककर टीम के कुल योग को मेहमान टीम की पहली पारी के योग 350 रन से ऊपर ले जाने का प्रयास करना चाहिए था, वह 14 रन के व्यक्तिगत योग पर पेवेलियन लौट गए।
लक्ष्मण का विकेट क्रिस मार्टिन ने लिया जबकि रैना और धौनी को मेहमान कप्तान डेनियल विटोरी ने वापसी की राह दिखाई। रैना का विकेट 311 और धौनी का विकेट 336 रन के कुल योग पर गिरा। अहमदाबाद टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले हरभजन सिंह 14 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि जहीर खान खाता खोले बगैर उनका साथ दे रहे हैं।
भारतीय टीम ने उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में 94 ओवरों की बल्लेबाजी के दौरान अपनी पहली पारी में चार विकेट खोकर 282 रन बना लिए हैं। लक्ष्मण ने 133 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों की मदद से 55 रन बनाए हैं जबकि सुरेश रैना नौ रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
भारतीय टीम ने भोजनकाल तक तीन विकेट पर 237 रन बनाए थे। उस समय द्रविड़ 33 रन नाबाद थे लेकिन भोजनकाल के बाद द्रविड़ को टिम साउथी की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। द्रविड़ ने 45 रन बनाए। उन्होंने 144 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए। पहले सत्र में भारत को सचिन तेंदुलकर के रूप में बड़ा झटका लगा था।
भारतीय टीम ने मैच के दूसरे दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के 96 और गौतम गम्भीर के 54 रनों की मदद से दो विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए थे। तीसरे दिन सभी को तेंदुलकर से टेस्ट करियर में 50 शतक पूरे करने की उम्मीद थी, परंतु जल्द ही यह उम्मीद टूट गई।
तेंदुलकर विटोरी की गेंद पर रॉस टेलर के हाथों लपक लिए गए। उन्होंने 13 रन बनाए। इससे पहले, भारतीय गेंदबाज कीवी टीम को पहली पारी में 350 रन के स्कोर पर रोकने में कामयाब रहे। भारत की ओर से जहीर और हरभजन ने चार-चार विकेट चटकाए। कीवी टीम की ओर से टिम मिशिंटोस ने सर्वाधिक 102 रन बनाए।
उनके अलावा मार्टिन गुपटिल ने 85 और जेसी राइडर ने 70 रनों की पारी खेली थी। तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर चल रही हैं। अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच बराबरी पर खत्म हुआ था। टेस्ट श्रृंखला के बाद दोनों टीमें एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
