भारत की पुरुष टीम ने रविवार को वियतनाम को 3-1 से पराजित किया। अब उसका सामना जापान के साथ होगा।
शनिवार को चीनी ताइपे के साथ खेला गया अपना ग्रुप मुकाबला गंवाने के बाद भारतीय पुरुषों को खिताबी दौड़ में बने रहने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना था।
दूसरी ओर महिला खिलाड़ियों ने मालदीव को 3-0 के अंतर से धूल चटाई। अंतिम-8 दौर में उसका सामना मेजबान चीन के साथ होगा।
पुरुष वर्ग में विश्व के 48वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शरत कमल ने वियतनाम के तुयान तरान को 13-11, 9-11, 6-11, 11-6 से पराजित किया। दूसरे एकल मुकाबले में अमलराज अंथनी को केन डोन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
डोन ने यह मैच 9-11, 11-7, 12-10, 11-7 से जीता। इसके बाद सौम्यदीप रॉय से जीत की उम्मीद की जा रही थी। सौम्यदीप ने निराश नहीं किया और तीसरा मैच जीतकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
सौम्यदीप ने ह्वे होआंग फान को 9-11, 11-7, 11-7, 11-5 से पराजित किया। इसके बाद शरत ने रिवर्स सिंगल मुकाबला जीतकर भारत को 3-1 से जीत दिला दी। शरत ने केन डोयूक को 13-11, 11-9, 6-11, 11-6 से हराया।
महिला वर्ग में ममता प्रभू ने अपना पहला मैच खेलते हुए जीत हासिल की। ममता ने मुएना मोहम्मद को 11-6, 11-6, 11-7 से पराजित किया।
दूसरे एकल मुकाबले में मधुरिका पाटकर ने फातिमा जुमाना निमाल को 11-3, 11-6, 11-5 से हराकर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
आखिरी एकल मुकाबले में शामिनी कुमारेशन ने अमिता शिउरा शरीफ को 11-4, 11-4, 11-1 से पराजित कर टीम को 3-0 से जीत दिला दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।