Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

हैदराबाद टेस्ट : भज्जी शतक के करीब, भारत को 86 रन की बढ़त (राउंडअप)

खेल समाप्ति की घोषणा होने तक भज्जी 82 गेंदों पर पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 85 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि शांताकुमारन श्रीसंत उनके साथ ताल से ताल मिलाकर खेलते 14 रन पर नाबाद हैं। दोनों बल्लेबाज अब तक अंतिम विकेट के लिए 69 रन जोड़ चुके हैं।

तीसरे दिन के दूसरे सत्र में भारत ने 336 रनों के कुल योग पर ही अपने सात विकेट गंवा दिए थे। उस समय लग रहा था कि भारत मेहमान टीम के पहली पारी के स्कोर 350 रन के पार भी नहीं जा सकेगा लेकिन भज्जी ने इस काम को अंजाम देकर भारत को बढ़त भी दिला दी। अहमदाबाद टेस्ट मैच की दूसरी पारी में शतक लगाने वाले भज्जी अपने करियर के दूसरे टेस्ट शतक से मात्र 15 रन दूर हैं।

दूसरे दिन के अपने स्कोर दो विकेट पर 178 रन से आगे खेलते हुए भारतीय टीम ने सबसे पहले सचिन तेंदुलकर (13) का विकेट गंवाया। अपने 50वें टेस्ट शतक का इंतजार कर रहे तेंदुलकर अपने व्यक्तिगत योग में सिर्फ दो रन जोड़कर पेवेलियन लौट गए।

इसके बाद पारी को संभालने का दारोमदार राहुल द्रविड़ और लक्ष्मण पर आ गया। द्रविड़ दूसरे दिन सात रन पर नाबाद लौटे थे। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए पहले सत्र की बाधा को पार किया और चौथे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। भोजनकाल के ठीक बाद द्रविड़ 45 रन के व्यक्तिगत योग पर पेवेलियन लौट गए।

अब पारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी कलात्मक बल्लेबाज लक्ष्मण और सुरेश रैना पर थी। एक छोर पर लक्ष्मण अपना हुनर दिखाते रहे और दूसरे छोर पर रैना टिके रहने का प्रयास करते हुए रन बटोरते रहे लेकिन 20 रन के व्यक्तिगत योग पर रैना का संयम जवाब दे गया। इस तरह भारत को पांचवां झटका लगा।

अब कप्तान महेंद्र सिंह धौनी अपने वरिष्ठ साथी लक्ष्मण का साथ देने विकेट पर आए। धौनी ने आते ही कुछ झन्नाटेदार शॉट लगाए लेकिन इसी बीच क्रिस मार्टिन ने लक्ष्मण को पगबाधा आउट करके भारत को बड़ा झटका दिया। लक्ष्मण का आउट होना भारत के लिए बड़ा नुकसान था। इसकी भरपाई की जिम्मेदारी कप्तान और भज्जी पर थी लेकिन कुल योग में 10 रन जुड़ने के बाद ही धौनी 14 रन के व्यक्तिगत योग पर मेहमान कप्तान डेनियल विटोरी की फिरकी के झांसे में आ गए।

इसके बाद भारतीय टीम ने जहीर खान (7) और प्रज्ञान ओझा के रूप में दो और विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। 367 के कुल योग पर भारत ने अपना नौवां विकेट गंवाया था। उसके बाद भज्जी ने टीम की नैया पार लगाने की कमान संभाली और श्रीसंत का मार्गदर्शन करते हुए 69 रनों की साझेदारी करने में सफल रहे।

मेहमान टीम की ओर कप्तान विटोरी ने चार विकेट झटके हैं जबकि टिम साउदी ने तीन विकेट अपने नाम किए हैं। मार्टिन को लक्ष्मण के रूप में एक बड़ी सफलता मिली है। तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर चल रही हैं। अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच बराबरी पर खत्म हुआ था। टेस्ट श्रृंखला के बाद दोनों टीमें एकदिवसीय श्रृंखला भी खेलेंगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Sunday, November 14, 2010, 18:00 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+