Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशियाड-2010 : फिसड्डी रहे निशानेबाज, मुक्केबाजी, टेटे और बैडमिंटन में जीत (लीड-1)

स्टार मुक्केबाज सुरंजय सिंह 52 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं जबकि ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी बैडमिंटन युगल स्पर्धा के प्री-क्र्वाटर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही है।

इसके अलावा टेबल टेनिस में शरत कमल और शुभोजीत साहा की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। जूडो, बैडमिंटन मिश्रित युगल और महिला हॉकी में भारत को हार मिली।

पांचवें दिन भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर खिसक गया। मेजबान टीम 60 स्वर्ण के साथ पहले, कोरिया 16 स्वर्ण के साथ दूसरे और जापान 13 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले सुरंजय ने मंगलवार को फोशान जिमनेजियम में आयोजित अपने पहले दौर के मुकाबले में थाईलैंड के चातचाई बुतदी को 7-2 से पराजित किया।

सुरंजय ने पहले राउंड में एक अंक हासिल किए थे जबकि दूसरे और तीसरे राउंड में उनके खाते में तीन-तीन अंक जुटे। दूसरी ओर बुतदी तीसरे राउंड में दो अंक हासिल कर सके।

ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी प्री-क्र्वाटर फाइनल में पहुंच गई। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली इस जोड़ी ने थाईलैंड की सावित्री अमित्रापई और पी. मुन्कितचोकेचारोन की जोड़ी के खिलाफ पहला गेम 21-13 से जीता।

इसके बाद यह थाई जोड़ी रिटायर हो गई और इस तरह से मैच भारत के नाम रहा। प्री- क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ज्वाला और अश्विनी की भिडं़त चीन की तियान किन और झाओ युनलेई की जोड़ी से होगी। यह मुकाबला कठिन माना जा रहा है।

एक अन्य मुकाबले में भारत की अपर्णा बालन और प्राजक्ता सावंत को हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को मलेशिया की एनजी मैरीलेन पाओलेंग और खे वे वून की जोड़ी ने 21-17, 21-7 से मात दी।

मंगलवार को भारतीय निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन जारी रहा। पहले दिन दो रजत हासिल करने वाले निशानेबाजों को अब तक स्वर्ण का इंतजार है। मंगलवार को महिला पिस्टल टीम 25 मीटर स्पर्धा में सातवें स्थान पर रही।

राही सरनोवत, अनु राज सिंह और अनीसा सैय्यद ने निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए पदक की उम्मीद को धो दिया। भारतीय टीम ने कुल 1717 अंक हासिल किए जबकि कजाकिस्तान की महिलाओं ने 1731 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो राही ने 577, अनु ने 574 और अनीसा ने 566 अंक हासिल किए। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रीशिसन में 856 और रैपिड फायर में 861 अंक जुटाए। मंगोलिया ने 1725 अंकों के साथ रजत जीता जबकि 1723 अंकों के साथ दक्षिण कोरिया को कांस्य प्राप्त हुआ।

जूडो स्पर्धा में तोम्बी देवी और नवाजोत चाना की हार के साथ ही भारत का अभियान खत्म हो गया। विश्व कप में कांस्य जीतने वाली तोम्बी क्वार्टर फाइनल मुकाबले के 48 किलाग्राम वर्ग में चीन की जुंग येओन चुंग के खिलाफ एक अंक भी हासिल नहीं कर सकीं।

उन्हें चुंग ने शून्य के मुकाबले 110 अंको से पराजित किया। इसी तरह नवजोत भी 60 किलोग्राम वर्ग में बुरी तरह पराजित हो गए। नवजोत को उज्बेकिस्तान के रिशेद सोबिरोव ने महज तीन मिनटों में 120/0 से मात दी।

शरत और साहा की जोड़ी टेबल टेनिस स्पर्धा के पुरुषों के युगल मुकाबलों प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। शरत और साहा ने मंगलवार को कुवैत के एच. अल्बाहरानी और एम. एलेन्जी को जोड़ी को 11-7, 11-4, 11-7 से पराजित किया।

शरत और साहा ने इस वर्ष अक्टूबर में नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों की युगल स्पर्धा का स्वर्ण जीता था।

मिश्रित युगल मुकाबले में शरत को हालांकि निराशा हाथ लगी। अपनी जोड़ीदार शामिनी कुमारसेन के साथ खेलते हुए शरत प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हार गए।

इस भारतीय जोड़ी को जापानी जोड़ी सेया किशिकावा और अई फुकुहारा ने मंगलवार को 10-12, 11-4, 8-11, 11-2, 11-6 से मात दी।

पुरुषों की युगल स्पर्धा के पहले दौर में हांगकांग के चेयुंग यूक और ली चिंग ने भारत के सौम्यदीप रॉय और एंथनी अमलराज को 11-5, 11-5, 11-7 से हराया।

भारतीय महिला हॉकी टीम को मंगलवार को अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में जापान के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।

ग्रुप-ए के मुकाबले में जापान ने भारत को 3-0 से पराजित किया। जापान ने 10वें, 31वें और 70वें मिनट में गोल किए। जापान के लिए कप्तान मियुकी नाकागावा, चिबा काओरी और अराई माजुकी ने गोल किए।

भारतीय टीम ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मलेशिया को 4-0 से हराकर शानदार आगाज किया था लेकिन दूसरे मुकाबले में वह अपना लय भूल गई। अगले मैच में भारत को दक्षिण कोरिया से बुधवार को भिड़ना है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 16, 2010, 14:00 [IST]
Other articles published on Nov 16, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+