खिलाड़ियों के लिए बोली अगले वर्ष 8 और 9 जनवरी को लगाई जाएगी। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने बुधवार को इस संस्करण के कार्यक्रम की भी घोषणा की।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव एन. श्रीनिवासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए बोली 8 और 9 जनवरी को मुंबई में लगेगी। टूर्नामेंट का पहला मैच 8 अप्रैल, 2011 को जबकि फाइनल मुकाबला 22 मई, 2011 को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 7 अप्रैल को होगा। इसमें आठ टीमें 60 मुकाबले खेलेंगी। लीग स्तर की दो शीर्ष टीमों के बीच प्लेऑफ मैच खेला जाएगा। इन मुकाबलों की विजेता टीमें फाइनल में पहुंचेंगी।
कोच्चि आईपीएल फ्रेंचाइजी के बारे में बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "कोच्चि आईपीएल फ्रेंचाइजी का जिक्र बैठक में नहीं किया गया है। अभी कोच्चि की अंतिम तारीख समाप्त नहीं हुई है जो 27 नवंबर है।"
उल्लेखनीय है कि कोच्चि आईपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक को बोर्ड ने 30 दिन का नोटिस दिया है जिसमें उसे अपने सभी समस्याओं को सुलझाने के लिए कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।