इसके अलावा शुक्रवार को सर्वोच्च वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन और कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य करण रस्तोगी ने भी दूसरे दौर में जीत हासिल की।
विश्व की 166वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया ने शुक्रवार को खेले गए दूसरे दौर के एकल मुकाबले में चीन की झेंग जी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से पराजित किया। यह मुकाबला एक घंटे 17 मिनट चला। क्वार्टर फाइनल में सानिया की भिड़ंत थाईलैंड की 33 वर्षीया खिलाड़ी टी. तानासुगर्न से होगी।
पुरुषों के एकल वर्ग में सोमदेव ने कतर के जोबार अल मुतावा को 6-0, 6-0 से हराया जबकि करण ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में तुर्कमेनिस्तान के मालीकुली मेमेदकुलियेव को आसानी से 6-0, 6-0 से मात दी। करण को एशियाई खेलों में सातवीं वरीयता प्राप्त है। करण अगले दौर में चीनी ताइपे के खिलाड़ी ती चेन से भिड़ेंगे।
महिलाओं के युगल मुकाबले में हालांकि भारत की एन. संजीव और टी. अय्यर को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन की एस. सुन और एस. झांग ने 6-4, 7-5 से हराया।
कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य विष्णु वर्धन और करण की जोड़ी पुरुषों के युगल वर्ग में जीत हासिल नहीं कर सकी। इस जोड़ी को दक्षिण कोरिया के यंग किम और जेई सोएल की जोड़ी ने 6-1, 3-6, 1-0 (2) से पराजित किया। सानिया और वर्धन को शुक्रवार को ही मिश्रित युगल वर्ग में अपना दूसरे दौर का मुकाबला खेलना है।
इसके अलावा सोमदेव और कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य सनम सिंह की जोड़ी पुरुषों के युगल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। सोमदेव और सनम ने फिलिपींस के जे. अर्चेला और रुबेन जूनियर गोंजालेज को 6-4, 6-2 से हराया। अगले दौर में इस जोड़ी का सामना चीन के बेई यान और झांग झी से होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।