दिनेश ने दक्षिण कोरिया के जिनहो हियो को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 10-6 से पराजित किया। दिनेश ने पहले राउंड में पांच अंक हासिल किए जबकि दूसरे राउंड में उन्हें तीन और तीसरे राउंड में दो अंक मिले।
जियो ने तीनों राउंड में 2-2 अंक हासिल किया। अगले दौर में दिनेश का सामना नेपाल के मुक्केबाज दीपक महराजन से होगा। महराजन ने थाईलैंड के कांगकई सुखुम को 4-0 से हराया।
शुक्रवार को भारत के एक अन्य मुक्केबाज विकास कृष्णन 60 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। विकास ने दूसरे दौर के मुकाबले में शुक्रवार को तुर्कमेनिस्तान के अर्मानगेलदी हुदाएबर्जेनोव को 8-1 से पराजित किया।
विकास को पहले राउंड में तीन, दूसरे में चार और तीसरे में एक अंक मिला। विकास ने बुधवार को पहले दौर में थाईलैंड के मुक्केबाज अर्डी साइलोम को 8-1 से पराजित किया था।
क्वार्टर फाइनल में विकास की भिड़ंत उत्तर कोरियाई मुक्केबाज चोल सोंग किम से होगी। किम ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को कतर के मोहम्मद अब्दुल्ला को 7-5 से हराया।
विकास के अलावा भारत के सुरंजय सिंह और विजेंद्र सिंह भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं जबकि 91 किलोग्राम वर्ग में परमजीत समोता सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।