इसके अलावा हॉकी, टेनिस, स्क्वॉश, वॉलीबॉल और मुक्केबाजी में भारत को जीत नसीब हुई। मुक्केबाज दिनेश कुमार 81 किलोग्राम और स्क्वॉश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरुषों के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से काम एक-एक कांस्य पदक सुरक्षित करने में सफल रहे लेकिन स्नूकर में पंकज आडवाणी की हार निराशाजनक रही।
रोइंग खिलाड़ियों ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए स्वर्ण सहित कुल तीन पदकों पर कब्जा किया। बजरंग लाल ताखड़ ने एकल स्कल्स स्पर्धा में स्वर्ण जीता। चीन में भारत का यह दूसरा स्वर्ण है। पहला स्वर्ण आडवाणी ने बिलियर्ड्स में जीता था। ताखड़ ने दोहा एशियाई खेलों में देश के लिए रजत पदक जीता था।
अर्जुन पुरस्कार जीत चुके ताखड़ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय रोइंग खिलाड़ी बने। इसके अलावा पुरुषों की आठ रोइंग स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने रजत पदक जीता। वहीं महिला युगल रोइंग स्पर्धा में प्रतिमा पुहाना और प्रमिला प्रवा मिंज ने कांस्य पदक जीता है। पुरुषों की आठ रोइंग स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने रजत पदक जीता।
स्क्वॉश में भारत के सौरव सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। सौरव ने अपने ही देश के सिद्धार्थ सुचदे को पराजित कर कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया है। विश्व के 25वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सौरव ने सुचदे को 3-0 से पराजित किया। उन्होंने एशियन गेम्स जिमनेजियम में खेला गया यह मुकाबला 11-6, 11-6, 11-7 से जीता।
महिला वर्ग में पदक की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं। दीपिका पाल्लीकल और जोशना चिनप्पा एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। दीपिका को मलेशिया की निकोल डेविड ने 3-1 से पराजित किया जबकि जोशना को मलेशिया की ही लो वी वेर्न ने 3-2 से हराया।
मुक्केबाजी के 81 किलोग्राम वर्ग में दिनेश सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इसके अलावा विकास कृष्णन और संतोष कुमार विरोथू भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं।
दिनेश ने दक्षिण कोरिया के जिनहो हियो को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 10-6 से पराजित किया। अगले दौर में दिनेश का सामना नेपाल के मुक्केबाज दीपक महराजन से होगा।
शुक्रवार को भारत के एक अन्य मुक्केबाज विकास कृष्णन 60 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। विकास ने तुर्कमेनिस्तान के अर्मानगेलदी हुदाएबर्जेनोव को 8-1 से पराजित किया।
विकास की राह पर चलते हुए संतोष ने 64 किलोग्राम वर्ग में शुक्रवार को शानदार जीत की और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। संतोष ने मलेशिया के खिर आजमी को 6-1 से पराजित किया।
विकास और संतोष के अलावा भारत के सुरंजय सिंह और विजेंद्र सिंह भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं जबकि 91 किलोग्राम वर्ग में परमजीत समोता सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर चुके हैं।
बिलियर्ड्स की एकल स्पर्धा में देश के लिए पहला स्वर्ण जीतने वाले आडवाणी स्नूकर एकल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं लेकिन आदित्य मेहता पदक की उम्मीद बनाए रखते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंचने मे सफल रहे हैं।
आडवाणी को चीन के जुनहुई डिंग ने 4-1 से पराजित किया। डुंग ने आडवाणी को 100-11, 0-86, 84-1, 88-0, 105-7 से पराजित किया।
आदित्य ने चीनी ताइपे के यु लुन यू को 67-39, 49-69, 74-42, 16-69, 72-0, 69-37 से पराजित कियाा।
लगातार पांच दिनों की नाकामी झेले के बाद भारतीय निशानेबाजों ने सातवें दिन शुक्रवार को डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।
मानवजीत सिंह संधू, मानसेर सिंह और जोरावर सिंह की टीम ने कुल 341 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया। मानवजीत, मानसेर और जोरावर ने एकल स्पर्धा में निराश किया।
इस स्पर्धा में मानवजीत ने जहां पांचवां स्थान हासिल किया वहीं मानसेर 17वें तथा जोरावर 28वें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण कुवैत के नासिर मियोलाद ने जीता।
महिला ट्रैप टीम ने निराश किया। महिलाओं ने शुक्रवार को इस स्पर्धा में चौथा स्थान मिला। भारतीय टीम ने कुल 181 अंक जुटाए चीन की टीम ने 200 अंक के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
महिला हॉकी टीम भी शुक्रवार को जीत मिली। उसने अपने चौथे ग्रुप मुकाबले में शुक्रवार को थाईलैंड को 13-0 से रौंद दिया। इस जीत से हालांकि भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि तीसरे मुकाबले में जापान के हाथों मिली हार के बाद ही उसकी चुनौती समाप्त हो चुकी है।
भारत को अपने तीसरे मुकाबले में जापान के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मलेशिया को 4-0 से हराकर शानदार आगाज किया था लेकिन दूसरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ वह 0-1 से हार गई थी।
टेनिस में भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। इसके अलावा पुरुष खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन और करण रस्तोगी ने भी दूसरे दौर में जीत हासिल की।
सानिया ने चीन की झेंग जी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में सानिया की भिड़ंत थाईलैंड की 33 वर्षीया खिलाड़ी टी. तानासुगर्न से होगी।
पुरुषों के एकल वर्ग में सोमदेव ने कतर के जोबार अल मुतावा को 6-0, 6-0 से हराया जबकि करण ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में तुर्कमेनिस्तान के मालीकुली मेमेदकुलियेव को आसानी से 6-0, 6-0 से मात दी।
महिलाओं के युगल मुकाबले में हालांकि भारत की एन. संजीव और टी. अय्यर को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन की एस. सुन और एस. झांग ने 6-4, 7-5 से हराया।
इसके अलावा सोमदेव और कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य सनम सिंह की जोड़ी पुरुषों के युगल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। सोमदेव और सनम ने फिलिपींस के जे. अर्चेला और रुबेन जूनियर गोंजालेज को 6-4, 6-2 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।