पुरुष तीरंदाजी टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में चीनी ताइपे को 220-216 से हराया। सेमीफाइनल में पुरुष टीम दक्षिण कोरिया के हाथों 216-222 के अंतर से हार गई थी। इससे पहले भारतीय टीम ने 1/4 इलिमिनेशन मुकाबले में नेपाल को 221-194 के अंतर से हराया था।
भारतीय टीम ने अपने दिन की शुरुआत 1/8 इलिमिनेशन मुकाबले में बांग्लादेश पर जीत के साथ शुरू की थी। भारत ने यह मैच 221-186 के अंतर से जीता था।
भारतीय टीम में राहुल बनर्जी, मंगल सिंह चम्पिया और जयंत तालुकदार शामिल हैं। चम्पिया ने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को कांस्य जीतने में मदद की।
रविवार को महिला टीम ने भी कांस्य पदक जीता था। भारतीय टीम ने चीनी ताइपे को ही हराया था। सेमीफाइनल में महिला टीम को भी दक्षिण कोरिया के हाथों हार मिली थी।
भारत के टेनिस स्टार सोमदेव एकल वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। सोमदेव ने सेमीफाइनल मुकाबले में जापान के तात्सुमा इतो को 6-2, 0-6, 6-3 से पराजित किया।
फाइनल में सोमदेव की भिडं़त उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन से होगी। इस्तोमिन ने सेमीफाइनल में जापान के ही गो सोएदा को सीधे सेटों में 6-1, 6-0 से मात दी।
चीन में भारत की पदक की उम्मीद दिग्गज मुक्केबाज मेरीकॉम 48-51 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं लेकिन 57-61 किलोग्राम वर्ग में प्रीति बेनीवाल को हार का सामना करना पड़ा है।
पहले दौर में बाई हासिल करने वाली मेरीकॉम ने सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की मेंग चेह पिंग को 16-2 से पराजित किया।
इस तरह मेरीकॉम ने देश के लिए कम से कम कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया है। अगले दौर में मेरीकॉम का सामना चीन की रेन चानचान से होगा। चानचान ने क्वार्टर फाइनल में नेपाल की संजू लामा को 10-0 से हराया।
चार बार की विश्व चैम्पियन मेरीकॉम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले राउंड में तीन, दूसरे और चौथे राउंड में पांच-पांच और तीसरे राउंड में तीन अंक हासिल किए।
सोमवार को भारत की एक अन्य मुक्केबाज प्रीति बेनीवाल 57-61 किलोग्राम वर्ग में अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गईं। प्रीति को थाईलैंड की तासामेल थांगजांग ने पराजित किया। तीसरे दौर तक प्रीति 0-2 से पीछे चल रही थीं।
तीसरे दौर के दौरान 53 सेकेंड बीतने के साथ ही वह चोटिल हो गईं। इस तरह रेफरी ने खेल रोक दिया और फिर थांगजांग को विजेता घोषित किया गया। प्रीति ने रविवार को मंगोलिया की मुक्केबाज सुव अर्डे ओयुनग्रेल को 8-2 से पराजित करते हुए अंतिम-8 दौर में जगह पक्की की थी।
भारत की महिला वॉलीबॉल टीम ने भी सोमवार को जीत हासिल की। उसने ग्रुप-बी के अपने मुकाबले में चीनी ताइपे को 3-0 से हरा दिया।
भारतीय टीम ने यह मैच 25-12, 25-12, 25-12 से जीता। यह मुकाबला एक घंटे चार मिनट तक चला।
पुरुष वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है। रविवार को भारतीय पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल में पराजित होकर खिताबी दौड़ से बाहर हो गई।
भारत की पुरुष स्क्व ॉश टीम ने सोमवार को जहां जापान को 3-0 से पराजित किया वहीं महिलाओं ने चीन को इसी अंतर से मात दी।
पुरुष वर्ग में सौरव घोषाल ने पहले मुकाबले में युता फुकुई को 11-6, 11-2, 11-6 से हराया।
इसके बाद सिद्धार्थ सुचदे ने एस. सुकुके को 11-5, 12-10, 11-6 से हराकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
तीसरे और आखिरी मुकाबले में हरेंदर संधू ने टाकानोरी शिमीजू को 11-9, 11-7, 12-10 से हराकर भारत को पूल-बी में आसान जीत दिलाई।
महिला वर्ग में जोशना चिनप्पा ने ली जियांग को आसानी से 11-1, 11-7, 11-1 पराजित किया।
इसके बाद दीपिका पाल्लीकल ने डी. ली को 11-2, 11-5, 11-6 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।
अंतिम मुकाबले में अनाका ने गू जिनयू को 11-7, 11-2, 11-5 से हराकर भारत को 3-0 से जीत दिला दी।
महिला कबड्डी टीम ने सोमवार को अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारतीय टीम ने ग्रुप-बी के अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को हरा दिया।
भारतीय टीम ने यह मुकाबला 34-20 से जीता। पुरुष वर्ग में अभी भारतीय टीम को अपने अभियान की शुरुआत करनी है। पुरुष टीम लगातार छठी बार खिताब जीतने का प्रयास करेगी।
भारत पदक तालिका में नौवें स्थान पर विराजमान है। उसके खाते में कुल पांच स्वर्ण हैं। इनमें से तीन स्वर्ण पुरुषों ने और दो महिलाओं ने जीते हैं।
भारत को कुल 34 पदक प्राप्त हुए हैं। इनमें से 24 पदक पुरुषों और नौ पदक महिलाओं के नाम रहे हैं। एक पदक मिश्रित वर्ग में मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।