सनम और सोमदेव ने सोमवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में चीन के एम. गांग और जेड ली की जोड़ी को सुपर टाइब्रेकर के बाद 6-3, 6-7, 1-0 (10-8) से पराजित किया। इस तरह भारत ने सोमवार को अपना पहला और कुल छठा स्वर्ण हासिल किया।
इससे पहले, एकल में कांस्य जीतने वाली सानिया मिर्जा और कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य विष्णु वर्धन की जोड़ी ने मिश्रित युगल वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
सानिया और वर्धन की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी चीनी ताइपे की वाई.जे. चांग और टी.एच. यांग की जोड़ी के हाथों हार गई। भारतीय जोड़ी यह मुकाबला 6-4, 1-6, 0-1 (सुपर टाइब्रेकर का स्कोर) से हार गई।
टेनिस में भारत को एक और पदक मिलना तय हो गया है। सोमदेव एकल वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। सोमदेव ने सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले में जापान के तात्सुमा इतो को 6-2, 0-6, 6-3 से पराजित किया।
फाइनल में सोमदेव की भिडं़त उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन से होगी। इस्तोमिन ने सेमीफाइनल में जापान के ही गो सोएदा को सीधे सेटों में 6-1, 6-0 से मात दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।