सिडनी, 22 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के उपकप्तान माइकल क्लार्क भले ही गुरुवार से इंग्लैंड के साथ शुरू हो रहे एशेज श्रृंखला के पहले टेस्ट मैच में खेलने को लेकर आश्वस्त हों लेकिन दूसरी ओर उनके कवर के रूप में उस्मान ख्वाजा को बुलाया गया है।
क्लार्क पीठ में चोट के कारण सोमवार को अभ्यास सत्र में भाग नहीं ले पाए। क्लार्क की चोट को देखते हुए ख्वाजा को बुलाया गया है।
क्लार्क ने कहा, "मुझे अभी भी थोड़ा दर्द महसूस हो रहा है जिसकी वजह से मैं आज अभ्यास नहीं कर पाया। मैं योजनाबद्ध तरीके से कल मंगलवार और बुधवार को अभ्यास करूंगा। मुझे विश्वास है कि मैं गुरुवार तक ठीक हो जाऊंगा।"
आस्ट्रेलियाई टीम के फिजियो एलेक्स कुंटोरिस ने कहा,"क्लार्क की चोट पर निगाह रखी जा रही है। मंगलवार को अभ्यास सत्र के बाद ही हम उनके खेलने पर फैसला कर सकते हैं।" बाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज उस्मान ने 24 प्रथमश्रेणी मैचों में 1809 रन बनाए हैं जिसमें छह शतक और सात अर्धशतक शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।