क्वांगचो (चीन), 24 नवंबर (आईएएनएस)। 16वें एशियाई खेलों के बारहवें दिन बुधवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए महिला हॉकी मुकाबले में जापान ने भारतीय महिलाओं को 1-0 से हराया।
क्वांगचो के आओती हॉकी मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में जापानी महिलाओं ने शानदार खेल दिखाया।
मैच के 78वें मिनट में केइको मनाबे ने 10वें पेनल्टी कॉर्नर को गोल्डन गोल में तब्दील कर जापान को कांस्य पदक दिलाया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर थीं। इस हार के साथ ही महिला टीम का पदक जीतने का सपना चकनाचूर हो गया।
भारतीय महिला टीम की रक्षापंक्ति असहाय नजर आई। भारतीय महिलाओं ने मैच में कुल 10 पेनल्टी कॉर्नर विपक्षी टीम को दिए।
महिला टीम की गोलकीपर दीपिका मूर्ति ने शानदार खेल दिखाया। दीपिका ने कई मौकों पर गोल बचाया लेकिन वह मनाबे की गोल को रोकने में नाकाम रहीं।
रक्षात्मक हॉकी खेलने वाली भारतीय खिलाड़ी विपक्षी टीम के खिलाफ एक भी गोल नहीं कर सकीं।
भारत को पहले हाफ में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय महिलाएं उसे गोल में तब्दील करने में असफल रहीं।
इससे पहले महिला टीम ने दोहा एशियाई खेलों में 2006 में कांस्य पदक हासिल किया था।
जापान की भारत पर यह दूसरी जीत है। दोहा एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता जापान ने लीग मैचों में उपमहाद्वीप की टीमों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया था।
जापान ने लीग मुकाबले में भारतीय टीम को 3-0 से रौंदा था।
इससे पहले नई दिल्ली में संपन्न 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारतीय महिला टीम को पदक से महरूम होना पड़ा था।
पुरुष वर्ग में भारतीय टीम मंगलवार को सेमीफाइनल में मलेशिया के हाथों हार गई थी। अब उसका मुकाबला कांस्य पदक के लिए दक्षिण कोरिया से होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।