फरहत ने मजीद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी
मजीद ने मंगवार को यह दावा किया था कि इंग्लैंड के साथ खेली गई टेस्ट श्रृंखला के दौरान सलमान बट्ट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर के अलावा पाकिस्तानी टीम के चार अन्य सदस्य स्पॉट फिक्सिंग में शामिल रहे हैं। इनमें फरहत का भी नाम शामिल है।
फरहत ने कहा, "मैंने लंदन में मौजूद अपने वकील को मजीद के नाम नोटिस जारी करने को कहा है। मैं चाहता हूं कि मजीद यह साबित करें कि उन्होंने किस आधार पर मेरा नाम स्पॉट फिक्सिंग मामले में शामिल बताया है। यह साबित नहीं होने पर मैं व्यक्तिगत तौर पर मजीद के खिलाफ कानून की मदद लूंगा।"
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार चैनल 'जियो न्यूज' ने दावा किया था कि मजीद ने उसे एक वीडियो टेप दिया है, जिसमें इस बात के साक्ष्य हैं कि मैच फिक्सिंग के आरोप में टीम से बाहर चल रहे बट्ट, आसिफ और आमेर के अलावा वहाब रियाज, फरहत, उमर अकमल और उनके बड़े भाई कामरान अकमल भी शामिल हैं।
इस वीडियो में कहा गया है कि स्पॉट फिक्सिंग के इस मामले से कप्तान शाहिद अफरीदी, अब्दुल रज्जाक, सईद अजमल और यूनिस खान का कोई नाता नहीं है। मजहर को लंदन टेस्ट के दौरान स्पॉट फिक्सिंग का दावा करने के बाद लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले की छानबीन स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस भी कर रही है।
मजहर ने समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' द्वारा कराए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया था कि उसने लंदन टेस्ट के दौरान कुछ मौकों पर नो-बॉल डालने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पैसे दिए थे। मजहर ने जिन क्षणों का दावा किया था, ठीक उसी वक्त पाकिस्तानी टीम ने नो-बॉल डाला था।
इस घटना के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने तीनों आरोपी खिलाड़ियों को निलम्बित कर दिया था और साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की बात कही थी। आईसीसी के दबाव के बाद पाकिस्तान ने तीनों खिलाड़ियों को इंग्लैंड के साथ खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला से पहले ही स्वदेश बुला लिया था। तब से लेकर आज तक तीनों खिलाड़ियों की टीम में वापसी नहीं हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications