भारत ने शनिवार को खेले गए तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को नौ विकेट से हराकर पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
जीत के बाद गम्भीर ने कहा,"हमारे लिए यह मैच बहुत महत्वपूर्ण था। हम न्यूजीलैंड को श्रृंखला में वापसी करने का मौका नहीं देना चाहते थे। जहीर एक अच्छे गेंदबाज हैं। उन्होंने पहले ओवर में मैक्लम को आउट कर टीम को बढ़िया शुरुआत दिलाई। मुनाफ ने रणजी वाला फॉर्म जारी रखते हुए अच्छी गेंदबाजी की जो भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा है। मैंने हाल में कोई बड़ी पारी नहीं खेली थी इसलिए शतक हमेशा महत्वपूर्ण होता है। हमने इस मैच से पहले अगले तीनों मुकाबलों को एक श्रृंखला की तरह लेने का निर्णय किया था। अगले दोनों मैचों में हम बेहतर परिणाम देने की कोशिश करेंगे।"
हार के बाद कीवी कप्तान विटोरी ने कहा,"भारत के लिए टॉस जीतना अच्छा रहा। गेंद पिच पर काफी तेजी से आने के साथ-साथ स्पिन भी हो रही थी। सुबह विकेट पर थोड़ी नमी थी बाद में विकेट सूख गया। 224 का स्कोर कभी भी पर्याप्त नहीं होता। हमारे लिए मैच का शुरू का समय काफी कठिन रहा। भारतीय टीम जब बल्लेबाजी कर रही थी उस समय विकेट पहले से अच्छा हो गया था। भारतीय टीम ने गम्भीर की कप्तानी में अच्छा खेल दिखाया। हमारे ऊपर से दबाव अभी गया नहीं है। हम अंत तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हमारे शीर्ष बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने की जरूरत है। उम्मीद है कि बाकी के मैचों में हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।