जीत की पटरी से उतर चुकी कीवी टीम लगातार आठ मैच हार चुकी है। भारत के साथ पांच मैचों की श्रृंखला को मेहमान टीम पहले ही 3-0 से गंवा चुकी है।
वेबसाइट 'क्रिक इंफो डॉट कॉम' विटोरी के हवाले से लिखता है,"हरेक खिलाड़ी को शानदार प्रदर्शन करना होगा। हमारे शीर्ष बल्लेबाजों को श्रृंखला के बाकी के बचे दो मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी करनी होगी। हमने तीनों मुकाबलों में विपक्षी टीम के सामने संघर्षपूर्ण स्कोर नहीं खड़े किए जिसकी वजह से हमें मात खानी पड़ी। इस दौरान हम भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे।"
विटोरी ने उम्मीद जताई कि रॉस टेलर बेंगलुरु में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। विटोरी ने कहा कि बेंगलुरु टेलर का घरेलू मैदान है। टेलर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बेंगलुरु टीम की ओर से खेलते हैं।
ब्रैंडन मैक्लम के बारे में कीवी कप्तान ने कहा, "मैक्लम को अभी भी थोड़ी बहुत दिक्कत है। पीठ की समस्या के कारण उनका विकेटकीपर की भूमिका में आना मुश्किल है। हम उनके बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते। मैं उम्मीद करता हूं कि वह शनिवार को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे लेकिन इसके बारे में मैं सौ फीसदी नहीं कह सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।