पहले ही दो एशेज श्रृंखला गंवा चुके पोंटिंग के हाथ से यह श्रृंखला भी फिसलती दिखाई दे रही है। भारत में 2-0 से टेस्ट श्रृंखला हारकर बार्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवा चुके पोंटिंग को एशेज एक बार फिर दगा देती दिखाई दे रही है। पोंटिंग यदि तीसरी बार एशेज श्रृंखला गवांते हैं तो यह आस्ट्रेलिया और उनके प्रशंसकों के लिए भी पचाना काफी मुश्किल होगा।
आस्ट्रेलियाई कप्तान वर्तमान में कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। एक तरफ उनकी टीम में प्रदर्शन की कमी दिखाई दे रही है तो दूसरी तरफ कैटिच के चोट के कारण एशेज से बाहर होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। दुनिया का यह दिग्गज बल्लेबाज स्थितियों को अपने काबू करने में नाकाम साबित हो रहा है।
पोटिंग ने कहा, "एक खिलाड़ी के रूप एक तरफ जहां मेरे लिए रन बनाने की चुनौती है वहीं दूसरी तरफ एक कप्तान के तौर पर खिलाड़ियों को इस कदर प्रोत्साहित करना होगा ताकि पर्थ में हम वापसी कर सकें। हमें इस मैच को जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन करना ही होगा।"
पोटिंग ने कहा, "हम बहुत सारी चीजों को लेकर बात कर रहे हैं जहां सुधार किए जाने की आवश्यकता है। हम क्या करना चाहते हैं और उसे किस तरह से अमल में लाया जाए, यह सबसे महत्वपूर्ण होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।