एडिलेड टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया को मिली पारी और 71 रन की शर्मनाक हार के बाद वॉ ने कहा कि इस श्रृंखला में आस्ट्रेलिया का वापसी कर पाना मुश्किल दिख रहा है लेकिन इसके बावजूद टीम में स्थायित्व बना रहना चाहिए क्योंकि जरूरत से अधिक बदलाव से नुकसान का अंदेशा है।
समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' ने वॉ के हवाले से लिखा है, "मैं नहीं जानता कि चयनकर्ता क्या सोच रहे हैं लेकिन इतना जरूर मानता हूं कि जरूरत से अधिक काट-छांट टीम के लिए नुकसानदेह होगी। बीते 12 महीनों में काफी काट-छांट हो चुकी है। हमें स्थायित्व पर जोर देना चाहिए। यह टीम की एकता के लिए जरूरी है।"
आस्ट्रेलिया को दो एशेज श्रृंखला में बतौर कप्तान जीत दिलाने वाले वॉ का मानना है कि एडिलेड की पराजय के बाद चयनकर्ताओं पर काफी हद तक दबाव बढ़ गया है।
उन्होंने कहा, "चयनकर्ता दबाव में हैं लेकिन हमें यह सोचना होगा कि हम अपने सभी खिलाड़ियों को बाहर कर देंगे तो फिर हमारा क्या हश्र होगा। हम नेथन हॉरित्ज जैसे खिलाड़ियों को बेशक अंदर ला सकते हैं लेकिन दूसरों के खिलाफ हमें लचीला रवैया अपनाना होगा। वैसे भी हम पहले कई बार बिना मतलब के कई खिलाड़ियों को बाहर-अंदर कर चुके हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।