रणजी ट्रॉफी : दिल्ली 290 पर ढेर, 31 रन की बढ़त (लीड-1)
रोशनआरा क्लब मैदान पर जारी मैच के दूसरे दिन गुरुवार को दिल्ली ने भोजनकाल तक 146 रन के कुल योग पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद सात बल्लेबाज 144 रन जोड़कर पेवेलियन लौट गए।
यह सब जय प्रकाश यादव (88/5) और संजय बांगड़ (57/4) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत संभव हो सका। दिल्ली की ओर से उन्मुक्त चंद ने सर्वाधिक 151 रनों का योगदान दिया जबकि कप्तान शिखर धवन 42 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 39 रन बनाकर पेवेलियन लौटे।
इसके अलावा गौरव छाबड़ा ने भी 39 रन जोड़े। दिल्ली के बाकी के बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। उन्मुक्त ने अपनी 291 गेंदों की मैराथन पारी में 19 चौके और दो छक्के लगाए। दिल्ली ने पहले दिन खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट खोए 48 रन बनाए थे। उन्मुक्त 17 और धवन 26 रन पर नाबाद लौटे थे।
इससे पहले, रेलवे की ओर से श्रेयस खनोलकर ने सर्वाधिक 102 रनों की पारी खेली। खनोलकर ने इस दौरान 187 गेंदों का सामना कर 19 चौके लगाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की शुरुआत खराब रही थी। खानोलकर के अलावा कप्तान मुरली कार्तिक ने 54 गेंदों में सात चौके की मदद से 37 रनों का योगदान दिया।
दिल्ली की ओर से विकास मिश्रा ने सर्वाधिक तीन जबकि प्रदीप सांगवान तथा सुमित नरवाल ने दो-दो और रजत भाटिया व कपिल यादव ने एक-एक विकेट झटके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications