चेन्नई एकदिवसीय : भारत की खराब शुरुआत, 2 विकेट गिरे (लीड-5)
भारत का पहला विकेट कप्तान गौतम गम्भीर के रूप में गिरा। गम्भीर खाता खोले बगैर नेथन मैक्लम की गेंद पर उनके बड़े भाई ब्रेंडन मैक्लम को विकेट के पीछे कैच थमा बैठे। उस समय भारत का खाता भी नहीं खुला था।
इसके बाद 10 रन के कुल योग पर डेनियल विटोरी ने विराट कोहली को चलता कर भारत को दूसरा झटका दिया। कोहली दो रन बना सके। भारतीय टीम ने पांच ओवरों की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 19 रन बना लिए हैं। पार्थिव पटेल छह और युवराज सिंह छह रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले, भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को अपने खिलाफ अब तक के न्यूनतम स्कोर पर आउट किया। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके जबकि युवराज, आशीष नेहरा और यूसुफ पठान ने दो-दो विकेट लिए जबकि प्रवीण कुमार को एक सफलता मिली।
कीवी टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। स्कॉट स्टायरिश (24) सबसे सफल बल्लेबाज रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम मैच की चौथी गेंद के साथ ही जिस मुश्किल से घिरी वह कम होने की बजाय बढ़ती ही गई। एक समय लगा था कि स्टायरिश और जेमी होव (23) उसे मुश्किलों से उबारने में सफल रहेंगे लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे उबरने का मौका नहीं दिया।
कीवी टीम का पहला विकेट मार्टिन गुपटिल के रूप में गिरा, जिन्हें भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने मैच की चौथी गेंद पर पार्थिव पटेल के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। उस समय मेहमान टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। कुल योग में अभी 14 रन जुड़े थे कि नेहरा ने खतरनाक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे ब्रेंडन मैक्लम को चलता किया।
मैक्लम ने 10 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए। मैक्लम के खाते में 14 रन जुड़े। इसके बाद 28 रन के कुल योग पर नेहरा ने रॉस टेलर को आउट कर मेहमान टीम को एक और करारा झटका दिया। टेलर नौ रन बना सके। उन्होंने नौ गेंदों पर दो चौके लगाए।
इसके बाद जेमी होव और स्कॉट स्टायरिश ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर स्थिति को संभालने की कोशिश की लेकिन 23 रन के व्यक्तिगत योग पर होव के पेवेलियन लौटने के साथ मेहमान टीम का मुश्किल और बढ़ गया।
होव का विकेट 71 रन के कुल योग पर गिरा। होव के जाने के बाद स्टायरिश भी 73 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। स्टायरिश ने 24 रन बनाए। स्टायरिश का विकेट आर. अश्विन ने लिया जबकि होव को युवराज सिंह ने चलता किया था।
कीवी टीम अभी संभल भी नहीं पाई थी कि युवराज ने ग्रांट इलियट को भी पेवेलियन की राह दिखा दी। यह विकेट 74 रन के कुल योग पर गिरा। इलियट खाता भी नहीं खोल सके।
पिछले दो मैचों से खेवनहार की भूमिका निभाते आ रहे जेम्स फ्रेंकलिन 17 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कप्तान विटोरी नौ रन बना सके। इसके अलावा नेथन मैक्लम (1), केइल मिल्स (4) और टिम साउदी (0) ने निराश किया।
भारत ने पांच मैचों की इस श्रृंखला में 4-0 की बढ़त बना रखी है। अब उसका लक्ष्य इस श्रृंखला को 5-0 के अंतर से जीतना होगा। यह श्रृंखला पूरी तरह एकतरफा साबित हुई है।
मेहमान टीम भारतीय खिलाड़ियों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई है। ऐसा तब हुआ है जब भारतीय टीम अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान में नहीं उतरी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications