हांगकांग सुपर सीरीज : एशियाई चैम्पियन सायना के सामने पस्त (लीड-2)
सायना ने क्वीन एलिजाबेथ स्टेडियम में रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली चीन की खिलाड़ी शिशियान वांग को 15-21, 21-16, 21-17 से पराजित किया।
खिताबी मुकाबले में मिली जीत के बाद सायना ने कहा, "मुझे तो अपनी जीत पर यकीन नहीं हो रहा है। मेरी यह जीत खास है। वांग इस सत्र में शानदार फार्म में हैं और मुझे खुशी है कि मैं उन्हें हराने में सफल रही। पहला गेम हारने के बाद मैं थोड़ा घबरा गई थी लेकिन दूसरे गेम की सफलता ने मुझे आत्मबल दिया। तीसरे गेम में मैं अपनी बढ़त बनाए रखना चाहती थी और मैं ऐसा करने में सफल भी रही।"
सायना ने इस वर्ष अपना तीसरा सुपर सीरीज खिताब जीता। उन्होंने अपने करियर में कुल पांच खिताब जीते हैं। सायना ने अपने करियर में कुल चार सुपर सीरीज खिताब जीते हैं। सायना ने इस वर्ष इंडियन ओपन, सिंगापुर ओपन और इंडोनेशियन ओपन (दो बार) और राष्ट्रमंडल खेल के एकल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीते हैं।
हांगकांग में सायना की खिताबी जीत पक्की मानी जा रही थी क्योंकि उनके खेल का स्तर विश्वस्तरीय था। एशियाई खेलों में सायना हांगकांग की खिलाड़ी प्यूई यिन यिप के हाथों क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं लेकिन सायना ने यिप को उन्हीं के घर में क्वार्टर फाइनल में हराकर उस हार का हिसाब बराबर किया।
एशियाई खेलों के निराशाजनक प्रदर्शन से उबरने वाली सायना ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी की खिलाड़ी जूनियन शेंक को कड़े संघर्ष के बाद 21-19, 17-21, 21-12 से हराया था। किसी भारतीय खिलाड़ी ने 28 वर्ष के बाद इस खिताब पर कब्जा किया है। इससे पहले 1982 में प्रकाश पादुकोण ने यह खिताब जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications