नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। इस वर्ष अक्टूबर में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों तथा बीते महीने चीन में आयोजित एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की महिला 4 गुणा 400 रिले टीम की सदस्य मनजीत कौर का मानना है कि उनकी टीम लंदन ओलम्पिक में पदक जीतने का लक्ष्य लेकर तैयारी कर रही है।
मनजीत कौर, सिनी जोस, अश्विनी चिदानन्द और मनदीप कौर ने नई दिल्ली और क्वांगचो में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय परचम लहराया था। इस चौकड़ी ने पीटी उषा, शाइनी विल्सन, एमडी वालसम्मा और वंदना राव की याद ताजा कर दी, जिन्होंने कभी भारत के लिए ओलंम्पिक में पदक की उम्मीद जगाई थी।
चार वर्ष पहले दोहा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली रिले टीम का सदस्य रहीं मनजीत ने आईएएनएस से कहा कि उनकी चौकड़ी अपनी एकता की बदौलत ओलम्पिक में पदक की उम्मीद लगाए हुए है।
मनजीत ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेलों में जीता गया स्वर्ण हमारे लिए ज्यादा संतोषजनक है क्योंकि वहां प्रतिस्पर्धा का स्तर ज्यादा बेहतर था। इसके बाद तो सब यही कह रहे थे कि अब तो एशियाई खेलों में स्वर्ण पक्का है।"
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय रिले टीम ने तीन मिनट 27.77 सेकेंड समय लेकर स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय खिलाड़ियों ने नीइजीरिया और इंग्लैंड की मजबूत टीम को पराजित किया था। एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने तीन मिनट 29.02 सेकेंड समय के साथ स्वर्ण जीता।
मनजीत ने कहा, "एशियाई खेलों मं हमारी जीत इसलिए हुई क्योंकि हम राष्ट्रमंडल खेलों के बाद तुरंत अभ्यास में जुट गई थीं। हमने इस दौरान आयोजित सभी सम्मान समारोहों से खुद को दूर रखा। अगर हम एशियाई खेलों में स्वर्ण नहीं जीत पाते तो हमारा मिशन अधूरा रहता। हमें खुशी है कि हम अपने प्रयास में सफल रहे।"
मनजीत मानती हैं कि उन्होंने एथेंस और बीजिंग ओलम्पिक में अलग-अलग टीमों के साथ हिस्सा लिया था लेकिन आज की उनकी चौकड़ी सबसे बेहतर है। मनजीत कहती हैं, "हमारे बीच कोई सीनियर या जूनियर नहीं है। हम साथ-साथ अभ्यास करती हैं और एक दूसरे के साथ रहती हैं। हम एक दूसरे को अच्छी तरह जानती हैं और हमारे बीच अच्छा तालमेल है। यही हमारी जीत का मूलमंत्र है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**