भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच गुरुवार से होने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व सोमवार को आयोजित भारतीय टीम के आधिकारिक सम्मान भोज के दौरान स्मिथ ने कहा कि तेंदुलकर को खेलते देखकर ही उनके अंदर क्रिकेट खिलाड़ी बनने का सपना जागा था।
स्मिथ ने कहा, "तेंदुलकर विश्व स्तरीय खिलाड़ी और क्रिकेट के महान दूत हैं। एक युवा के तौर पर मुझे तेंदुलकर का खेल देखकर ही क्रिकेट खेलने का सुर चढ़ा था। टेलीविजन पर तेंदुलकर को खेलते देखकर मैंने महसूस किया था कि मुझे भी उन जैसा बनना है।"
तेंदुलकर ने जब दक्षिण अफ्रीका का पहली बार दौरा किया था, तब स्मिथ 11 वर्ष के थे। यह अजीब संयोग है कि सेंचुरियन में वह उस टीम के खिलाफ अपनी टीम की अगुआई करेंगे, जिसके लिए तेंदुलकर बीते 21 वर्षो से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं।
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन टेस्ट, पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच खेलने पहुंची है। भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट श्रृंखला जीतने का इंतजार है। उसने अब तक दक्षिण अफ्रीका में कुल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से सिर्फ एक में उसे जीत मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।