इस मैच के लिए भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे टॉस होना था लेकिन दोपहर दो बजे तक टॉस नहीं हो सका। सुबह के वक्त सेंचुरियन में थोड़े समय के लिए बारिश रुकी थी लेकिन एक घंटे के भीतर हालात फिर गड़बड़ा गए। बादलों का डेरा बन गया और बारिश भी शुरू हो गई।
रात को हुई तेज बारिश के कारण मैदान में पानी भर गया था। सीमा रेखा के पास सुबह के वक्त काफी अधिक पानी जमा था। इसे निकालने का काम जारी ही था कि सुबह के वक्त की बारिश ने मैदानकर्मियों के प्रयासों पर एक बार फिर पानी फेर दिया।
भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे भी सेंचुरियन में बारिश हो रही थी। जानकारों का मानना है कि बारिश थमने के तीन घंटे के बाद ही खेल संभव हो सकता है लेकिन यह तभी संभव हो सकेगा, जब बारिश थमेगी। फिलहाल सबको बारिश थमने का इंतजार है।
ऐसा भी कहा जा रहा है कि पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान को अपनी फिटनेस साबित करने के लिए एक और अतिरिक्त दिन मिल जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।