सेंचुरियन। हाशिम अमला (104) और अनुभवी हरफनमौला जैक्स कैलिस (101) की शतकीय पारियों की बदौलत मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने सुपर स्पोर्ट पार्क मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में शुक्रवार को चायकाल के बाद दो विकेट के नुकसान पर 353 रन बना लिए। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक 217 रनों की बढ़त बना ली है।अमला ने 167 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाया है जबकि कैलिस ने 135 गेंदों का सामना कर नौ चौके और तीन छक्के लगाए हैं।
कैलिस और अमला के बीच तीसरे विकेट के लिए नाबाद 187 रनों की साझेदारी हो चुकी है।चायकाल तक दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाकर भारत पर 100 रनों की बढ़त बना ली थी।इससे पहले, कप्तान ग्रीम स्मिथ (62) अपनी टीम को अच्छी शुरुआत देने के बाद हरभजन सिंह की गेंद पर विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों लपके गए। स्मिथ ने 87 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए।
एल्वीरो पीटरसन (77) को हरभजन सिंह ने गौतम गम्भीर के हाथों कैच करवाया। पीटरसन ने 114 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्का लगाया।
स्मिथ और पीटरसन ने पहले विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की।मेजबान टीम ने भोजनकाल तक हुए 27 ओवर के खेल के दौरान एक विकेट के नुकसान पर 111 रन बना लिए थे।भारत की पहली पारी 136 रनों के मामूली योग पर सिमट गई थी।
मैच के पहले दिन गुरुवार को 136 रनों पर भारत के नौ बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाने वाली मेजबान टीम ने दूसरे दिन उसका एकमात्र बचा हुआ विकेट इसी योग पर झटक लिया।जयदेव उनादकत एक रन बनाकर नाबाद रहे जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 33 के व्यक्तिगत योग पर मोर्न मोर्कल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। धौनी इसी योग पर नाबाद लौटे थे।मोर्कल ने इस तरह अपने खाते में पांच विकेट दर्ज किए। उनके अलावा तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने तीन विकेट चटकाए जबकि जैक्स कैलिस को एक सफलता मिली।