भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले क्रिकेट विश्व कप की सम्भावित टीम में दिल्ली के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, लेग स्पिनर पीयूष चावला और हरफनमौला यूसुफ पठान को जगह दी गई है जबकि इरफान पठान को चोटिल होने की वजह से बाहर रखा गया है।
अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन 19 जनवरी को किया जाएगा।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अलावा टीम में तीन अन्य विकेट कीपर दिनेश कार्तिक, पार्थिव पटेल और वृद्धिमान साहा को शामिल किया गया है।
धौनी के बाद कार्तिक को पहले विकेट कीपर के रूप में रखा गया था लेकिन हाल में न्यूजीलैंड के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रृंखला के तीन मुकाबलों के लिए कार्तिक की जगह साहा को मौका दिया गया था।
साहा दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी टेस्ट श्रृंखला में टीम के हिस्सा हैं।
छह वर्ष बाद एकदिवसीय मैचों में वापसी करने वाले पार्थिव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार दो अर्धशतक लगाकर टीम में अपना दावा मजबूत किया है।
यूसुफ पठान को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे एकदिवसीय मुकाबले में 96 गेंदों पर 123 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने का इनाम मिला है।
चयनकर्ताओं ने रविंद्र जडेजा को एक हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में टीम में जगह दी है।
मुख्य चयनकर्ता कृष्णामाचारी श्रीकांत ने कहा,"यह सम्भावित टीम है। अंतिम टीम के चयन में अभी एक महीना बाकी है। मुझे पूरा भरोसा है कि टीम विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगी। टीम एकदिवसीय मैचों में बढ़िया प्रदर्शन कर रही है। विश्व कप उपमहाद्वीप में हो रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि टीम अच्छा खेलेगी।"
सम्भावित टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धौनी, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, गौतम गम्भीर, विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, जहीर खान, आशीष नेहरा, शांताकुमारन श्रीसंत, मुनाफ पटेल, ईशांत शर्मा, आर. विनय कुमार, मुरली विजय, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा, अंजिक्य रहाणे, सौरभ तिवारी, यूसुफ पठान, पार्थिव पटेल, रविचंद्रन अश्विन, वृद्धिमान साहा, दिनेश कार्तिक, शिखर धवन, अमित मिश्रा, पीयूष चावला, चेतेश्वर पुजारा, प्रज्ञान ओझा और प्रवीण कुमार।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।