सेंचुरियन टेस्ट : चायकाल तक भारत के 92 रन, सहवाग-गंभीर जमे (लीड-3)
भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गम्भीर ने अपने-अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चायकाल तक 17 ओवरों में भारत का स्कोर 92 रनों पर पहुंचा दिया। सहवाग 51 रनों पर नाबाद हैं जबकि गंभीर 33 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। पहले विकेट के लिए दोनों ने अभी तक 92 रनों की साझेदारी की।
सहवाग 50 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि गम्भीर 52 गेंदों पर तीन चौके लगाकर सहवाग का साथ दे रहे हैं।
बहरहाल, अभी भी पारी की हार टालने के लिए भारत को 392 रन बनाने की जरूरत है, जबकि उसके 10 विकेट सुरक्षित हैं।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 4 विकेट पर 620 रन बनाकर घोषित की। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम ने भारत पर 484 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से हरफनमौला जैक्स कैलिस ने सर्वाधिक नाबाद 201 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कैलिस ने अपनी इस मैराथन पारी के दौरान 270 गेंदों पर 15 चौके और पांच छक्के लगाए। यह उनके करियर का पहला दोहरा शतक है।
एबी डिविलियर्स 129 रन बनाकर ईशांत शर्मा की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी को कैच थमा बैठे। डिविलियर्स ने इस दौरान 112 गेंदों पर 12 चौके और पांच छक्के लगाए। कैलिस और डिविलियर्स ने चौथे विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी की।
दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को मैच के तीसरे दिन दो विकेट पर 366 रन से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज हाशिम अमला (116) और जैक्स कैलिस (102) ने पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 230 रनों की साझेदारी की।
भारत को दिन की पहली सफलता तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने दिलाई। ईशांत ने हाशिम अमला को विकेट के पीछे धौनी के हाथों कैच करवाया। अमला ने 140 रनों की पारी के दौरान 202 गेंदों पर 14 चौके और एक छक्का लगाया।
मैच के दूसरे दिन कप्तान ग्रीम स्मिथ (62) अपनी टीम को अच्छी शुरुआत देने के बाद हरभजन सिंह की गेंद पर विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों लपके गए थे। स्मिथ ने 87 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए।
एल्वीरो पीटरसन (77) को हरभजन सिंह ने गौतम गम्भीर के हाथों कैच करवाया। पीटरसन ने 114 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्का लगाया। स्मिथ और पीटरसन ने पहले विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की।
भारत की पहली पारी 136 रनों के मामूली योग पर सिमट गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications