समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक न्यूजीलैंड ने हाल में लगातार 11 एकदिवसीय मैच हारे हैं जिसको ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने पूर्व कोच मार्क ग्रेटबैच की जगह राइट को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
56 वर्षीय राइट ने पांच वर्ष तक भारतीय क्रिकेट टीम के कोच की भूमिका निभाई थी। उन्हीं की देखरेख में टीम इंडिया ने आस्ट्रेलिया से श्रृंखला जीतने में कामयाब रही थी। इसके अलावा भारतीय टीम 2003 विश्व कप में फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी।
न्यूजीलैंड टीम को 26 दिसम्बर को पाकिस्तान के साथ ट्वेंटी-20 मैच खेलना है। ऐसे में राइट के लिए यह बड़ी चुनौती होगी कि एक सप्ताह से भी कम समय में वह टीम को किस तरह तैयार करते हैं।
हाल में भारत के साथ खेली गई टेस्ट श्रृंखला में न्यूजीलैंड को 0-1 से जबकि एकदिवसीय श्रृंखला में 0-5 से मात खानी पड़ी थी। इससे पहले बांग्लादेश ने एकदिवसीय मुकाबलों में कीवी टीम को 4-0 से रौंदा था।
ग्रेटबैच को न्यूजीलैंड के वर्तमान स्वतंत्र चयन पैनल में चयनकर्ता ग्लेन टर्नर और पूर्व टेस्ट खिलाड़ी लांस केयर्न्स के साथ प्रमुख के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा चयनकर्ताओं ने ग्रेटबैच को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में बनाए रखा है।
इंडो- एशियन न्यूज सर्विस।