पोंटिंग ने क्षेत्ररक्षण का जमकर अभ्यास किया लेकिन इस दौरान उन्होंने अपने सिर्फ दाहिने हाथ का उपयोग किया क्योंकि उनके बांए हाथ की छोटी ऊंगली में चोट है। इस साप्ताहांत एशेज श्रृंखला के तीसरे टेस्ट मैच में क्षेत्ररक्षण के दौरान कैच लपकने के प्रयास में पोंटिंग अपनी बाएं हाथ की ऊंगली चोटिल कर बैठे थे।
अभ्यास सत्र के बाद आस्ट्रेलियाई टीम के विकेटकीपर ब्रेड हेडिन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "उन्होंने क्षेत्ररक्षण किया और इस दौरान सब कुछ ठीक रहा। वह कल बल्लेबाजी का भी अभ्यास करेंगे। किस्मत ने साथ दिया तो सब कुछ ठीक ठाक रहेगा। उनकी ऊंगली में सुधार हो रहा है। वह बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए फिट हो जाएंगे।"
हेडिन ने कहा, "वह हमारे लीडर हैं और हमें उनसे बहुत प्रेरणा मिलती है। वह लम्बे समय तक टीम का हिस्सा रहे हैं। उनका खेलना बहुत महत्वपूर्ण है।"
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले भी पोंटिंग को कुहनी में इससे भी गम्भीर चोट लगी थी लेकिन मैच से पहले वह फिट हो गए थे। अक्टूबर, 2004 से अब तक पोंटिग ने किसी भी टेस्ट मैच से अलग नहीं रहे हैं।
पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड 1-1 की बराबरी पर हैं। ब्रिस्बेन में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था जबकि एडिलेड टेस्ट में बाजी इंग्लैंड के हाथ लगी थी वहीं पर्थ टेस्ट में आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 267 रनों से हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।