कराची, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की जांच समिति ने पूर्व विकेटकीपर जुल्करनैन हैदर की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हुए उन्हें कमजोर और परेशान व्यक्ति बताया है।
समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, जुल्करनैन के खुलासे की जांच के लिए पीसीबी ने एक समिति बनाई थी। समिति ने जुल्करनैन के पिछले कुछ सप्ताहों के बयानों को अस्पष्ट करार दिया है हालांकि वह जुल्करनैन के अचानक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के कारणों का पता नहीं लगा सकी है।
पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी सुभान अहमद, टीम प्रबंधक इंतिखाब आलम और सुरक्षा अधिकारी ख्वाजा नजाम की तीन सदस्यीय जांच समिति अपनी सात पृष्ठों वाली रिपोर्ट में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। उसने यह नहीं बताया है कि जुल्करनैन के साथ आखिर में हुआ क्या था।
उल्लेखनीय है कि हाल में अबू धाबी में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले गए एकदिसीय श्रृंखला के दौरान जुल्करनैन अचानक दुबई के होटल से लंदन पहुंच गए थे। लंदन पहुंचकर जुल्करनैन ने कहा था कि उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है। इसके बाद जुल्करनैन ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
जांच समिति ने इस पूरे मामले को अस्पष्ट करार देते हुए अपनी रिपोर्ट में कहा, "यह काफी अजीब है। ब्रिटेन की तरह या उससे अधिक सुरक्षित जगह है दुबई, लेकिन जुल्करनैन ने दुबई और पाकिस्तान जाने की बजाय लंदन का सफर तय करना बेहतर समझा।"
समिति ने कहा, "यह भी काफी अजीब है कि टीम के सुरक्षा प्रबंधक और पीसीबी के अधिकारियों के मौजूद रहने के बावजूद जुल्करनैन ने घटना की जानकारी मीडिया को दी।"
रिपोर्ट में कहा गया है, "दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे एकदिवसीय मुकाबले से पहले जुल्करनैन दुबई के ग्रैंड हयात होटल के पार्किं ग क्षेत्र में टहलने के लिए जा रहे थे। इस दौरान उन्हें एक व्यक्ति मिला जिसने कहा कि उन्हें कल के मैच में क्या करना चाहिए और अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें और उनके परिवार को जान से हाथ धोना पड़ सकता है लेकिन हैदर उस व्यक्ति को पहचान नहीं सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।