जेम्स एंडरसन और क्रिस ट्रेमलेट की शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस और एलिस्टर कुक ने अपने बल्ले से कमाल दिखाते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। एंडरसन और ट्रेमलेट के उम्दा प्रदर्शन के बूते इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया को एशेज के 74 वर्ष के इतिहास में उसके घर में सबसे कम स्कोर पर आउट किया।
इसके बाद कुक (नाबाद 80) और स्ट्रास (नाबाद 64) की शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को पहले ही दिन महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी। स्ट्रास ने अपनी 147 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए हैं जबकि कुक ने 137 गेंदो का सामना करते हुए 11 चौके लगाए हैं।
इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतने के बाद आस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया और एंडरसन (44/4) तथा ट्रेमलेट (26/4) की कहर बरपाती गेंदों की बदौलत मेजबान टीम की पहली पारी 98 रनों पर समेट दी।
आस्ट्रेलियाई टीम की ओर से माइकल क्लार्क ने सबसे अधिक 20 रन बनाए जबकि उसके छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सके। इंग्लैंड की ओर से टिम ब्रेसनन ने भी दो सफलता हासिल की।
आस्ट्रेलिया की तरफ से शेन वाटसन और फिलिप ह्यूज ने पारी की शुरुआत की। टीम के कुल स्कोर में अभी केवल 15 रन ही जुड़े थे कि ट्रेमलेट ने शेन वाटसन के रूप में आस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। वाटसन 12 गेंदों का सामना कर केवल पांच रन ही बना पाए।
वाटसन के आउट होने के बाद मैदान में उतरे कप्तान रिकी पोंटिंग भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं रुक पाए और केवल 10 रन बनाकर ट्रेमलेट का शिकार बने। ह्यूज 16 रन बनाकर टिम ब्रेसनन का शिकार बने।
आस्ट्रेलिया की ओर से क्लार्क ने (20), माइकल हसी ने आठ, स्टीवन स्मिथ ने छह और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रॉड हाडिन ने पांच रन बनाए।
उल्लेखनीय है कि एशेज श्रृंखला में फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। इंग्लैंड ने एडिलेड में खेला गया दूसरा मुकाबला पारी और 71 रनों से जीता था जबकि आस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए तीसरे मुकाबले में 267 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।