डरबन टेस्ट : भारत मुश्किल में, 6 विकेट गिरे (लीड-8)
भारत ने अब तक वीरेंद्र सहवाग (25), मुरली विजय (19), राहुल द्रविड़ (25), सचिन तेंदुलकर (13), वी.वी.एस. लक्ष्मण (38) और चेतेश्वर पुजारा (19) के विकेट गंवाए हैं। चार विकेट तेज गेंदबाज डेल स्टेन की झोली में गए हैं जबकि दो विकेट लोनाबो त्सोत्सोबे ने लिए हैं।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी नौ रन बनाकर नाबाद हैं जबकि हरभजन सिंह ने खाता नहीं खोला है। भारत ने अब तक कुल 50 ओवर की बल्लेबाजी की है।
भारत का छठा विकेट पुजारा के रूप में गिरा। विदेश में अपना पहला टेस्ट खेल रहे पुजारा को त्सोस्तोबे ने मार्क बाउचर के हाथों कैच कराया। यह विकेट 156 रन के कुल योग पर गिरा। इससे पहले लक्ष्मण आउट हुए थे। लक्ष्मण का विकेट स्टेन ने लिया। लक्ष्मण ने अपनी 73 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।
इससे ठीक पहले भारत ने द्रविड़ के रूप में अपना चौथा विकेट गंवाया। द्रविड़ 25 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। द्रविड़ का विकेट 117 रन के कुल योग पर गिरा। 68 गेंदों पर तीन चौके लगाने वाले द्रविड़ को स्टेन ने विकेट के पीछे बाउचर के हाथों कैच कराया।
भारत का तीसरा विकेट सचिन तेंदुलकर के रूप में गिरा था। भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत के बाद अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए। भारत का पहला विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में जबकि दूसरा विकेट मुरली विजय के रूप में गिरा।
सहवाग 25 रन बनाकर डेल स्टेन की गेंद पर जैक्स कैलिस के हाथों दूसरे स्लिप में लपके गए। सहवाग ने 32 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए। इस दौरान सहवाग को एक जीवनदान भी मिला। सहवाग का विकेट 43 रन के कुल योग पर गिरा।
48 रन के कुल योग पर भारत को विजय के रूप में दूसरा झटका लगा। विजय 19 रन बना सके। विजय का विकेट भी स्टेन ने लिया। भोजनकाल के बाद सेंचुरियन टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद शतक बनाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 13 रन बनाकर तेज गेंदबाज लोनवाबो त्सोत्सोबे की गेंद पर कैलिस को कैच थमा बैठे। तेंदुलकर ने 22 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
यह मैच लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। रविवार सुबह बारिश के कारण मैच शुरू होने में देरी हुई। इस मैच के लिए भारत ने तीन परिवर्तन किए हैं। चोट के कारण पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल सके जहीर खान की वापसी हुई है जबकि खराब लय में चल रहे सुरेश रैना की जगह चेतेश्वर पुजारा को अंतिम एकादश में जगह दी गई है।
जहीर को जयदेव उनादकत की जगह टीम में शामिल किया गया है। उनादकत सेंचुरियन टेस्ट में बुरी तरह नाकाम रहे थे। इसके अलावा गौतम गम्भीर के स्थान पर विजय को सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
गम्भीर के बाएं हाथ में चोट है इसलिए उनकी जगह विजय को मौका मिला। दक्षिण अफ्रीकी टीम बिना किसी परिवर्तन के मैदान में उतरी है। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। उसने सेंचुरियन में खेले गए पहले मुकाबले में भारत को पारी के अंतर और 25 रनों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications