डरबन टेस्ट से पहले द्रविड़ ने 199 कैच लपके थे। डरबन टेस्ट में द्रविड़ ने स्टेन का कैच लपकने के साथ 200 कैचों का जादुई आंकड़ा छुआ। टेस्ट मैचों में सर्वाधिक कैच लपकने का रिकार्ड द्रविड़ के नाम है।
द्रविड़ ने एकदिवसीय मैचों में भी 196 कैच लपके हैं। द्रविड़ ने 149वां टेस्ट मैच खेलते हुए 200वां टेस्ट कैच लपका जबकि 339 एकदिवसीय मैचो में उनके नाम 196 कैच दर्ज हैं।
यही नहीं, द्रविड़ ने बतौर विकेटकीपर विकेट के पीछे 14 स्टंपिंग भी किए हैं। टेस्ट मैचों में सर्वाधिक कैच लपकने की सूची में आस्ट्रेलिया के मार्क वॉ दूसरे स्थान पर हैं। मार्क के नाम 181 कैच दर्ज हैं।
द्रविड़ ने 2004-05 में खेली गई गावस्कर-बार्डर श्रृंखला के दौरान चार टेस्ट मैचों में 13 कैच लपके थे। किसी एक श्रृंखला में सर्वाधिक कैच लपकने के मामले में द्रविड़ तीसरे स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।