इंग्लैंड ने पांच मैचों की इस श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। अपनी पहली पारी में 513 रन बनाने वाली इंग्लिश टीम ने मौके का फायदा उठाते हुए दिन की समाप्ति तक मेजबान टीम को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया। आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 98 रन बनाए थे।
विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन 11 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि मिशेल जानसन ने छह रन बनाए हैं। इन दोनों बल्लेबाजों पर अपनी टीम को शर्मसार होने से बचाने का दारोमदार है लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इनके लिए यह काम बहुत मुश्किल लग रहा है।
शेन वॉटसन (54) को छोड़कर मेजबान टीम का कोई भी बल्लेबाज दूसरी पारी में अपने बल्ले का कमाल नहीं दिखा सका। फिलिप ह्यूज (23), कप्तान रिकी पोंटिंग (20), उपकप्तान माइकल क्लार्क (13) और माइकल हसी (0) ने निराश किया।
स्टीवन स्मिथ ने 67 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 38 रनों की उपयोगी पारी खेली लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। इंग्लैंड की ओर से टिम ब्रेसनन ने तीन विकेट चटकाए हैं जबकि ग्रीम स्वान और जेम्स एंडरसन को एक-एक सफलता मिली है।
इससे पहले, दूसरे दिन के अपने स्कोर पांच विकेट पर 444 रनों से आगे खेलते हुए मेहमान टीम 513 रनों पर पेवेलियन लौट गई। आस्ट्रेलिया की ओर से पीटर सिडल ने सर्वाधिक छह विकेट झटके जबकि मिशेल जानसन और बेन हिल्फेनहास को दो-दो सफलता मिली।
दूसरे दिन शानदार शतक पूरा करने वाले जोनाथन ट्रॉट 168 रनों पर नाबाद लौटे जबकि प्रायर 85 रन बनाकर सिडल का शिकार हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ब्रेसमैन ने केवल चार रन का योगदान दिया और उन्हें भी सिडल ने ही पवेलियन का रास्ता दिखाया। स्वान ने ट्रॉट का अच्छा साथ दिया और उन्होंने 22 रन बनाए। ट्रेमलेट ने चार और एंडरसन ने एक रन का योगदान दिया।
एशेज श्रृंखला में फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। एक मैच बेनतीजा रहा था। इंग्लैंड ने एडिलेड में खेला गया दूसरा मुकाबला पारी और 71 रनों से जीता था जबकि आस्ट्रेलिया ने पर्थ में खेले गए तीसरे मुकाबले में 267 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।