न्यूजीलैंड ने सिडन पार्क मैदान पर पाकिस्तान को 39 रनों से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली। जीत से गद्गद् टेलर ने कहा कि पहले उनके बल्लेबाजों ने बड़ा स्कोर बनाया और फिर गेंदबाजों ने अपनी भूमिका के साथ न्याय किया। खासतौर पर स्पिन गेंदबाज नाथन मैक्लम ने कसी हुई गेंदबाजी की। क्षेत्ररक्षक भी शानदार क्षेत्ररक्षण के मिसाल पेश किए।
टेलर ने कहा, " हमें जीत टीम के हरफनमौला प्रदर्शन से मिली है। बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की। हमारे गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की जो सराहनीय है।"
दूसरी ओर, हार से निराश पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच वकार यूनिस ने कहा कि न्यूजीलैंड ने उनकी टीम को खेल के हर विभाग में दोयम साबित किया।
वकार ने कहा, "हमारी टीम मुकाबले में कहीं थी ही नहीं। न्यूजीलैंड ने हमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में पछाड़ा। हमने खराब क्रिकेट खेली।"
श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला क्राइस्टचर्च में 30 दिसम्बर को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच टेस्ट और एकदिवसीय श्रृंखला खेली जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।