नीलामी में पांच फ्रेंचाइजी टीमों के 12 खिलाड़ियों की बोली नहीं लगेगी। इन फ्रेंचाइजी ने आईपीएल नियमों के मुताबिक इन खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।
नीलामी में पिछले तीन सत्र में शतक जड़ने वाले 12 में से 11 खिलाड़ियों की भी बोली लगेगी। इनमें आईसीसी द्वारा 2010 में एकदिवसीय मैचों में प्लेयर ऑफ द ईयर के पुरस्कार से नवाजे गए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स और हरफनमौला यूसुफ पठान का नाम शामिल है। यूसुफ के नाम आईपीएल में सबसे तेज शतक बनाने का कीर्तिमान है।
इसके अलावा आईपीएल 2009 में सर्वाधिक विकेट झटकने वाले तेज गेंदबाज आर. पी. सिंह को भी नीलामी की प्रक्रिया से गुजरना होगा। आरपी ने आईपीएल के दूसरे संस्करण में 38 विकेट झटके थे।
भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा खिलाड़ी गौतम गम्भीर, जहीर खान, आशीष नेहरा और युवराज सिंह की भी बोली लगाई जाएगी।
आईपीएल कमिश्नर चिरायु अमीन ने कहा, "आईपीएल नीलामी बहुत ही रोमांचक प्रक्रिया है। मुझे विश्वास है कि भारत और विश्व में आईपीएल के प्रशंसक इस पर करीबी नजर रखेंगे कि आईपीएल के अगले सत्र में कौन सा खिलाड़ी किस टीम में जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।