कप्तान ने कहा, "हमारा लक्ष्य अगला टेस्ट जीतना है लेकिन इसके लिए हमें अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में सुधार करना होगा। हमारे पास उछाल लेती विकेटों पर खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है और इस लिहाज से हमारे लिए लय बनाए रखना बड़ी चुनौती है।"
भारतीय टीम जहां अपने मौजूदा कोच गैरी कर्स्टन की देखरेख में केपटाऊन में आखिरी टेस्ट मैच खेलेगी वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम का भी अपने कोच कोरी वान जील के साथ आखिरी मैच होगा।
कर्स्टन का भारतीय टीम के साथ करार बढ़ेगा या नहीं, इस बात का फैसला अभी नहीं हुआ है। ऐसे में भारतीय टीम विदाई ले रहे अपने कोच को मैच के साथ-साथ पहली बार दक्षिण अफ्रीका में कोई टेस्ट श्रृंखला जीतकर शानदार तोहफा देना चाहेगी।
कर्स्टन को जील के स्थान पर मेजबान टीम का नया कोच बनाए जाने की अटकलें हैं। धौनी मानते हैं कि करार के नवीकरण नहीं होने की स्थिति में भारतीय टीम को काफी झटका लगेगा क्योंकि कर्स्टन की देखरेख में टीम ने काम करने का तरीका और अनुशासन सीखा है।
धौनी ने कहा, "कर्स्टन बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। वह हमेशा कठिन मेहनत पर जोर देते हैं। किसी के लिए भी उनका स्थान लेना काफी मुश्किल है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।