ख्वाजा को कप्तान रिकी पोंटिंग की जगह टीम में शामिल किया गया है। बाएं हाथ की सबसे छोटी अंगुली टूटने के कारण पोंटिंग इस टेस्ट मैच से बाहर हैं।
पोंटिंग की वापसी तक कप्तान बनाए गए माइकल क्लार्क का कहना है कि ख्वाजा को चोटिल पोंटिंग की खाली जगह को निश्चित तौर पर भरना था इसलिए उनके ऊपर अपने आपको साबित करने का कोई दबाव नहीं होगा।
क्लार्क ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि किसी भी खिलाड़ी को परखने के लिए उसका एक प्रदर्शन प्र्याप्त होता है। ख्वाजा ने पिछले कई वर्षो से प्रथम श्रेणी मैचों में शानदार प्रदर्शन किए हैं। वह हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।"
दूसरी ओर, स्पिन गेंदबाज बीयर को भी टेस्ट मैचों में पदार्पण करने का मौका मिलेगा। पांच प्रथम श्रेणी मैच खेलने के बाद ही राष्ट्रीय टीम में स्थान पाने वाले बीयर के चयन को लेकर काफी आलोचना हुई थी लेकिन टेस्ट कैप पहनने के लिए ब्रिस्बेन टेस्ट के बाद उन्हें अब तक इंतजार करना पड़ा है। पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में आस्ट्रेलिया 1-2 से पीछे है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।